बुहाना में पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद जुटाई:ढाकामांडी के ग्रामीणों ने खाद्य सामग्री और जरूरी चीजें भेजीं
बुहाना में पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद जुटाई:ढाकामांडी के ग्रामीणों ने खाद्य सामग्री और जरूरी चीजें भेजीं

बुहाना : बुहाना उपखंड स्थित ढाकामांडी के ग्रामीणों ने पंजाब के बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए पहल की है। गांव के हर घर से राहत सामग्री जुटाई गई। स्थानीय सैनिकों के माध्यम से यह सामग्री पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है। ग्रामीणों ने पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए चावल, आटा और दाल जुटाए। इसके अलावा कपड़े, दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी एकत्र की गईं। गांव के सैनिक इस राहत सामग्री को प्रभावित इलाकों तक पहुंचा रहे हैं।
ढाकामांडी के ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव हमेशा से सेवा भाव रखता है। आपदा के समय पूरा गांव एकजुट होकर मदद के लिए आगे आता है। गांव के सैनिकों ने कहा कि पीड़ित परिवारों की मदद करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि यह पहल एकजुटता और भाईचारे का प्रतीक है।