जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिला मुख्यालय पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वीरांगनाओं का किया सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व समाजसेवियों को प्रदान किए प्रशस्ति-पत्र, जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आमजन रहे मौजूद, स्वतंत्रता

जनमानस शेखावाटी सवंददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाईन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, पुलिस अधीक्षक जय यादव, जिला उप प्रमुख महेंद्र न्यौल, चूरू प्रधान दीपचंद राहड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, नागरिक, विद्यार्थी मौजूद रहे।कार्यक्रम के आरंभ में जिला कलक्टर ने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में आरआई सतबीर मीणा के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड एवं एनसीसी, स्काउट-गाइड ने मार्च पास्ट किया।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी जय यादव, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण ने जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर उपलब्धियों पर 65 अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति- पत्र प्रदान किए। चूरू की धरती शौर्य, सेवा और संस्कृति की मिसाल है।
मुख्य समारोह में संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि चूरू की धरती हमेशा से शौर्य, सेवा और संस्कृति की मिसाल रही है। देश की आजादी से भी बहुत पहले 26 जनवरी, 1930 को यहां के क्रांतिकारियों ने चूरू के धर्मस्तूप पर तिरंगा फहराकर अपने दिल में जल रही आजादी की जोत, उत्कट देशप्रेम और अदम्य साहस का परिचय दिया। इन महान सेनानियों व नेताओं के बलिदानों से आधुनिक भारत का स्वप्न साकार हुआ, जो आज पूरे विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है।