सिंहोड़ में अंत्योदय शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम, मिला मालिकाना हक
सिंहोड़ में अंत्योदय शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम, मिला मालिकाना हक

खेतड़ी : राजस्थान सरकार द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत सिंहोड़ में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया, जो ग्रामीणों के लिए उम्मीद की किरण साबित हुआ। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि रही 5 परिवारों को आवासीय भूमि पर मालिकाना हक प्रदान किया जाना। साथ ही राजस्व विभाग द्वारा रामस्वरूप यादव व रामेश्वरलाल यादव के नामों में सुधार कर उन्हें वैधानिक पहचान दी गई।
20 परिवारों को प्रॉपर्टी पार्सल वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता साफ नजर आई। लाभार्थियों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हरियाळो राजस्थान अभियान के अंतर्गत 1950 गड्ढों की खुदाई और 518 पौधों का रोपण किया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न हुआ।
शिविर में उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार सुनील मील, विकास अधिकारी महादेव सिंह काजला, सहायक विकास अधिकारी बाबूलाल जोरासिया, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी दिलदार सिंह, सरपंच मुकेश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी पंकज गोठवाल, तकनीकी सहायक अनिल कुमार, कनिष्ठ सहायक राजेंद्र मीणा, वनपाल रणजीत सिंह सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।