[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

खाटूश्यामजी में कांग्रेस की विनिता पूनियां बनीं पालिकाध्यक्ष:5 दिन बाद जारी हुआ रिजल्ट, एक पार्षद के लापता होने से अटका था परिणाम


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खाटूश्यामजीटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

खाटूश्यामजी में कांग्रेस की विनिता पूनियां बनीं पालिकाध्यक्ष:5 दिन बाद जारी हुआ रिजल्ट, एक पार्षद के लापता होने से अटका था परिणाम

खाटूश्यामजी में कांग्रेस की विनिता पूनियां बनीं पालिकाध्यक्ष:5 दिन बाद जारी हुआ रिजल्ट, एक पार्षद के लापता होने से अटका था परिणाम

खाटूश्यामजी : सीकर की खाटूश्यामजी नगर पालिका में आखिरकार 5 दिन बाद अध्यक्ष का परिणाम जारी हो गया। कांग्रेस की वार्ड नं-11 से पार्षद विनीता पूनियां एक वोट से चुनाव जीत गईं हैं। विनीता को 10 और भाजपा की प्रेम देवी को 9 वोट मिले। खाटूश्यामजी में वार्ड नंबर 10 की पार्षद लक्ष्मी देवी के वोट नहीं डालने की वजह से चुनाव परिणाम 5 दिन से अटका हुआ था।

कोर्ट के निर्देशों के बाद निर्वाचन आयोग ने आज सुबह 10 बजे से मतगणना करवाई और इसके बाद परिणाम जारी हो गया। सीकर में 13 नगर निकायों के अध्यक्ष का परिणाम 21 सितंबर को जारी हो गया था, लेकिन खाटूश्यामजी में वोटों की गिनती नहीं हुई थी।

वीडियो रिकॉर्डिंग में हुई मतगणना

आज रिटर्निंग ऑफिसर की गाड़ी में भारी पुलिस जाब्ते के साथ मतपेटी‌ को स्ट्रोंग रुम से नगरपालिका लाया गया। उसके बाद वीडियो रिकॉर्डिंग में मतगणना हुई। चेयरमैन के चुनाव की काउंटिंग में कांग्रेस प्रत्याशी विनिता पूनियां जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रेम देवी नहीं पहुंची। अब चेयरमैन चुनाव का रिजल्ट जारी होने के बाद 27 सितंबर को वाइस चेयरमैन के चुनाव होंगे।

इस तरह चला घटनाक्रम

यहां 21 सितंबर को चेयरमैन चुनाव की वोटिंग के दिन वार्ड नं-10 की पार्षद लक्ष्मी देवी वोट देने नहीं पहुंची थी। उस रात 11:30 बजे तक वोटिंग का टाइम बढ़ाया गया, लेकिन पार्षद लक्ष्मी देवी के वोट नहीं डालने पर चेयरमैन चुनाव स्थगित हो गए थे।

लक्ष्मी देवी की किडनैपिंग की शिकायत पर 22 सितंबर को पुलिस ने पार्षद लक्ष्मी देवी को पकड़ कर घर भेज दिया। इसके बाद कांग्रेस की चेयरमैन प्रत्याशी विनिता पूनियां की याचिका पर कोर्ट ने पार्षद लक्ष्मी देवी का वोट नहीं डलवाने के निर्देश देते हुए चेयरमैन चुनाव करवाने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर को वोटिंग करवाने के निर्देश जारी कर दिए।

पहले ही दिन से जीत के लिए आश्वस्त थे-विनीता पूनियां

खाटूश्यामजी नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीता पूनियां ने कहा कि भले ही परिणाम देरी से आया हो लेकिन पहले ही दिन से जीत के लिए आश्वस्त थे। 21 सितंबर को जब अध्यक्ष चुनाव टले थे तब से कांग्रेस के सभी पार्षद एकजुट थे। बाड़ाबंदी की जरूरत नहीं पड़ी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खाटूश्यामजी नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई अतिक्रमण और पार्किंग जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। महिला होने के नाते महिलाओं के लिए सुविधाएं विकसित करने पर विशेष फोकस रहेगा। खाटूश्यामजी आने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए आसानी से और सबसे महत्वपूर्ण महिला शौचालयों की ज्यादा से ज्यादा व्यवस्था करना ही प्राथमिकता रहेगी। पालिकाध्यक्ष विनीता पूनियां ने एक कांग्रेसी पार्षद के वोट नहीं करने को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Related Articles