गोठड़ा बूथ पर फर्जी वोटिंग के आरोप में हंगामा, तीन हिरासत में; दोपहर 1 बजे तक 48.82 प्रतिशत मतदान
चार पंचायत समितियों की 115 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1117 वार्ड पंचों के लिए हो रहा मतदान, महिलाओं और युवाओं में दिखा खास उत्साह
खेतड़ी नगर : जिले की चार पंचायत समितियों की 115 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुनने के लिए मतदान जारी है। गांवों की सरकार चुनने को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर 1 बजे तक जिले में कुल 48.82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बबाई पंचायत समिति में सर्वाधिक 50.31 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि खेतड़ी पंचायत समिति में सबसे कम 47.93 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कलेक्टर-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर लगातार फील्ड में सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने नंगली सलेदी सिंह, बड़ाऊ, रसलपुर और श्रीकृष्ण नगर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।

गोठड़ा बूथ पर फर्जी वोटिंग के आरोप, हंगामा; तीन हिरासत में
खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की गोठड़ा ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर विवाद हो गया। आरोपों के बाद मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और पुलिस ने निगरानी तेज कर दी।
गोठड़ा में मतदान को लेकर उमड़ी भीड़
गोठड़ा ग्राम पंचायत में मतदान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में खड़े दिखाई दिए। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह का माहौल रहा।
महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर किया मतदान
पंचायत चुनाव में महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। सुबह से ही महिलाएं समूहों में मतदान केंद्रों पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अलसीसर में सबसे ज्यादा 32 सरपंच चुने जाएंगे
सरपंच पदों की संख्या के लिहाज से अलसीसर पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे अधिक 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुने जाएंगे। खेतड़ी में 30, मंडावा में 27 और बबाई में 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है। इस तरह चारों पंचायत समितियों में कुल 115 सरपंच चुने जाएंगे।
वार्ड पंच पदों के लिए खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 332 वार्ड पंच चुने जाएंगे। वहीं अलसीसर में 294, बबाई में 246 और मंडावा में 245 वार्ड पंचों का निर्वाचन होगा। चारों पंचायत समितियों में कुल 1117 वार्ड पंच गांवों के वार्डों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2540983


