ब्लॉक में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आगाज, पहले दिन 18 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई दवा
शहर में 2681 और ग्रामीण क्षेत्रों में 15,687 बच्चों को दी गई सुरक्षा खुराक, छूटे हुए बच्चों के लिए अगले दो दिन चलेगा डोर-टू-डोर अभियान, घर-घर जाकर पिलाई जाएगी दवा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : क्षेत्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षा की खुराक दी गई। अभियान के पहले चरण का शुभारंभ सुबह 8 बजे हुआ, जो शाम 5 बजे तक जारी रहा। पहले दिन ब्लॉक के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई गई। बीसीएमओ डॉ. मुकेश भूपेश ने क्षेत्र के नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने और 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा पिलाने की अपील की है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. मुकेश भूपेश ने बताया कि इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए संपूर्ण ब्लॉक में व्यापक तैयारियां की गई हैं। संपूर्ण ब्लॉक में लगभग 212 बूथ स्थापित किए गए हैं। उदयपुरवाटी नगर पालिका क्षेत्र में कुल 33 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 29 सामान्य बूथ हैं जो सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय है, जबकि 4 ट्रांजिट बूथ (राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड, शाकंभरी गेट, घूम चक्कर सर्कल) बनाए गए हैं, जो 3 दिनों तक लगातार पोलियो की दवा पिलाएंगे। पहले दिन रविवार को शाम 5 बजे तक चले इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में बच्चों को कवर किया गया। नगर पालिका क्षेत्र के बूथों पर कुल 2,681 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। गांवों में कुल 15,687 बच्चों को दवा दी गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 0-5 वर्ष के बच्चों की कुल लक्षित संख्या 28,489 है।
अब दो दिन चलेगा ‘डोर-टू-डोर’ अभियान, क्षेत्र के 14589 बच्चों पर फोकस
पहले दिन बूथ पर आने से वंचित रह गए बच्चों को सुरक्षा कवच देने के लिए स्वास्थ्य विभाग अगले दो दिन विशेष अभियान के तहत काम करेगा। सोमवार और मंगलवार को स्वास्थ्यकर्मी और स्वयंसेवक घर-घर जाकर 14589 छूटे हुए बच्चों को तलाशेंगे और उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएंगे। ब्लॉक बीपीएम आशा सैनी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग 70 स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की टीम मुस्तैद है। इस टीम में डॉ. परमानंद शर्मा, सुपरवाइजर मुरारी लाल छींपी, नर्सिंग ऑफिसर सुभाष सैनी, हरि सिंह, कैलाश बबेरवाल, मनफूल सैनी, चौथमल सैनी, आनंद मीणा, स्थानीय आशा सहयोगिनियां, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं स्वयंसेवक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2231655


