[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

गांधी चौक में चला बुलडोजर, बीच चौराहे से हटाया गया अवैध ट्रैफिक पॉइंट


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

गांधी चौक में चला बुलडोजर, बीच चौराहे से हटाया गया अवैध ट्रैफिक पॉइंट

जनमानस शेखावाटी की खबर के 3 दिन बाद प्रशासन की कार्रवाई, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर भी चला अभियान

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका

झुंझुनूं : झुंझुनूं शहर के सबसे व्यस्त गांधी चौक में मंगलवार सुबह ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान चौक के बीच वर्षों से बना विवादित और निराधार ट्रैफिक पॉइंट ध्वस्त कर दिया गया, जबकि रेहड़ी-ठेले, अस्थायी दुकानें और अवैध पार्किंग भी हटवाई गई।

खबर का असर: 72 घंटे में हरकत में आया प्रशासन

गांधी चौक के मध्य बने अवैध ट्रैफिक पॉइंट और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जनमानस शेखावाटी ने तीन दिन पूर्व प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और मंगलवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इसे मीडिया की प्रभावी पहल बताते हुए स्वागत किया।

पार्क के सामने फैला अतिक्रमण भी हटाया

कार्रवाई के दौरान नगर परिषद द्वारा विकसित किए गए नए पार्क के सामने वर्षों से जमे रेहड़ी-ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाकर स्थानांतरित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण पार्क की सुंदरता प्रभावित हो रही थी और यातायात भी बाधित हो रहा था।

नेहरू मार्केट में अवैध पार्किंग पर कसा शिकंजा

अभियान के दौरान नेहरू मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। व्यापारियों और ग्राहकों की लगातार शिकायत थी कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे बाजार आने-जाने में परेशानी होती है।

मोबाइल से होगी निगरानी, मौके पर ही कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस ने अब अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू की है। पुलिसकर्मी मोबाइल से फोटो लेकर तत्काल कार्रवाई करेंगे, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत शिकंजा कसा जा सके।

क्या बोले ट्रैफिक प्रभारी

ट्रैफिक प्रभारी राधेश्याम सांखला ने बताया कि गांधी चौक शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां पार्क बनने के बावजूद अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। यातायात व्यवस्था सुधारने और शहर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

शहरवासियों को मिलेगी राहत

गांधी चौक से अतिक्रमण हटने के बाद अब यातायात सुगम होने की उम्मीद है। साथ ही पार्क की सुंदरता निखरेगी और नेहरू मार्केट आने वाले लोगों को जाम व पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles