जाजोद में सीएम भजनलाल के दौरे का बड़ा असर
2 घंटे में जारी हुए आदेश, जाजोद स्कूल को विज्ञान संकाय की सौगात
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अरविन्द कुमार
जाजोद : खंडेला विधानसभा की ग्राम पंचायत जाजोद में रात्रि चौपाल कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह जाजोद गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले तो ग्रामीणों से आत्मीय अंदाज में रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में घूमकर आमजन से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मॉर्निंग वॉक के दौरान स्कूल जा रहे बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें रोककर बातचीत की और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई और उनके भविष्य को लेकर भी संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री गांव की एक चाय की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने आमजन के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए बातचीत की। मुख्यमंत्री का जाजोद दौरे का सकारात्मक असर क्षेत्र में तुरंत देखने को मिला। मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीणों से संवाद के दौरान की गई घोषणाओं पर प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर आदेश जारी कर दिए। इससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है और सरकार की कार्यशैली की सराहना की।
जाजोद स्कूल में विज्ञान संकाय के आदेश जारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुबह ग्रामीणों से संवाद किया जाजोद गांव के लोग, विद्यार्थी और अभिभावक स्कूल में विज्ञान विषय शुरू करने की लंबे समय मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने जाजोद स्थित विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा के तुरंत बाद शिक्षा विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए विज्ञान संकाय स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए। इस निर्णय से अब स्थानीय विद्यार्थियों को विज्ञान शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

वीरांगना परिवार को भी मिली राहत
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वीरांगना परिवार की ओर से रखी गई मांग पर भी त्वरित कार्रवाई की गई। शहीद पुत्र धीरज की प्रतिनियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित विभाग ने आदेश जारी करते हुए धीरज को भीलवाड़ा से पलसाना लगाने के आदेश जारी कर दिए। इस फैसले से वीरांगना परिवार को बड़ी राहत मिली है। परिवार और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों में उत्साह, सरकार की कार्यशैली की सराहना
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के दौरे को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार उनकी समस्याओं पर इतनी तेजी से निर्णय हुए हैं। घोषणाओं के तुरंत बाद आदेश जारी होना प्रशासन की तत्परता और सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों और प्रशासनिक सक्रियता को लेकर नई उम्मीद जगी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा – ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझा गया है और गांव के विकास के लिए ग्रामीणों से सुझाव लिए गए हैं। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा के साथ खंडेला विधायक, सुभाष मील, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा , भाजपा नेता श्रवण चौधरी, भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज , प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच साथ में मौजूद रहे।

देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2143787


