बंजारा बस्ती के बच्चों को पढ़ाने के लिए चलाई वैन:विजयपुरा के सरकारी स्कूल के टीचर्स ने खुद उठाया खर्चा, 30 बच्चों को करवाया दाखिला
बंजारा बस्ती के बच्चों को पढ़ाने के लिए चलाई वैन:विजयपुरा के सरकारी स्कूल के टीचर्स ने खुद उठाया खर्चा, 30 बच्चों को करवाया दाखिला
सादुलपुर : सादुलपुर क्षेत्र के सांखू कस्बे स्थित विजयपुरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों के लिए स्कूल वैन सुविधा शुरू कर मिसाल पेश की है। विद्यालय स्टाफ द्वारा दो वैन की व्यवस्था की गई है, जो करीब तीन से चार किलोमीटर दूर स्थित बंजारा बस्ती के बच्चों को स्कूल लाने और छोड़ने का कार्य करेंगी।
यह पहल सरकारी विद्यालयों में बेहद दुर्लभ मानी जा रही है, क्योंकि आमतौर पर ऐसी सुविधाएं निजी स्कूलों में ही देखने को मिलती हैं। विजयपुरा विद्यालय अब क्षेत्र का पहला सरकारी स्कूल बन गया है, जिसने बच्चों के लिए वैन सेवा शुरू की है।
छोटे बच्चों को पैदल आने-जाने से मिलेगी राहत
विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस सुविधा से छोटे बच्चों को पैदल स्कूल आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही बच्चे सुरक्षित रूप से समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में दूर बसे परिवारों के लिए यह सुविधा काफी लाभकारी साबित होगी, क्योंकि कई बच्चे दूरी और परिवहन की समस्या के कारण पढ़ाई से दूर रह जाते हैं।
विद्यालय स्टाफ के सहयोग से शुरू हुई व्यवस्था
प्रधानाचार्य चुनीलाल बड़सरा ने बताया कि यह सुविधा विद्यालय स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी बच्चों तक पहुंचे, इसी सोच के साथ यह कदम उठाया गया है।
अध्यापिका बबीता चौधरी ने कहा- सरकारी विद्यालयों में भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। अभिभावकों को निजी स्कूलों की चमक-दमक से आगे बढ़कर सरकारी स्कूलों की उपलब्धियों को भी देखना चाहिए। वहीं अध्यापिका विनोद देवी ने बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम काफी सराहनीय रहा था, जो शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाता है।
वैन सुविधा पर सालाना तीन लाख से अधिक खर्च
विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वैन सुविधा पर हर वर्ष तीन लाख रुपये से अधिक का खर्च आएगा। इस पूरी राशि का वहन विद्यालय स्टाफ स्वयं करेगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
बंजारा बस्ती से 30 बच्चों का प्रवेश
विद्यालय की अध्यापिकाओं बबीता चौधरी और विनोद देवी ने सांखू और विजयपुरा के बीच बीहड़ क्षेत्र में स्थित बंजारा बस्ती का दौरा किया। वहां अभिभावकों को जागरूक कर करीब 30 बच्चों का प्रवेश विद्यालय में कराया गया। इन विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रदर्शन भी शानदार रहा है और अधिकांश बच्चों ने ‘ए’ ग्रेड हासिल किया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2132820


