[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

बिजली तारों से खतरे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:जाखड़ मोड़ बस स्टैंड पर हादसे, जेईएन को ज्ञापन सौंपा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़नवलगढ़राजस्थानराज्य

बिजली तारों से खतरे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:जाखड़ मोड़ बस स्टैंड पर हादसे, जेईएन को ज्ञापन सौंपा

बिजली तारों से खतरे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:जाखड़ मोड़ बस स्टैंड पर हादसे, जेईएन को ज्ञापन सौंपा

नवलगढ़ : धमोरा गांव के जाखड़ मोड़ पर रविवार को ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जाखड़ मोड़ स्थित मुख्य बस स्टैंड के आसपास बिजली के तारों का जाल फैला हुआ है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस खतरनाक स्थिति के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालक शिकार बनते हैं। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर हर महीने चार से पांच बड़े हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने जानकारी दी कि उन्होंने कई बार मौखिक रूप से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वर्ष 2024 में अधिशाषी अभियंता को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अप्रैल 2026 तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीण विभाग पर उदासीनता का आरोप लगा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा। मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार ने बताया कि जाखड़ मोड़ एक दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र है और यहां लगे ट्रांसफार्मर की स्थिति को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग से भी समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित जानकारी एकत्र कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत समिति सदस्य कमल जाखड़ ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसान नेता कुरड़ाराम जाखड़ ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हादसों के बावजूद अधिकारी अनदेखी कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस दौरान किसान नेता कुरड़ाराम जाखड़, पंचायत समिति सदस्य कमल जाखड़, देवीसिंह जाखड़, पंकज जाखड़, दिनेश, सतीश जाखड़, विकास नेहरा, पवन जाखड़, अमरसिंह, सुशील खरबास, मदन सिलोलिया, प्रमोद, नितेश जाखड़, जगदीश जाखड़, विजेंद्र, मनोज, भरत जाखड़, संदीप मीठारवाल और सतवीर जाखड़ सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles