6 अप्रैल को श्री पंचदेव मंदिर में सजेगा बाबा गंगाराम मेला
50 फीट ‘समुद्र मंथन’ झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : शहर के पावन धाम श्री पंचदेव मंदिर में 6 अप्रैल (सोमवार) को बाबा गंगाराम मेला भव्य एवं श्रद्धा-उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। आशीर्वाद दिवस के उपलक्ष में होने वाले इस मेले में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के साथ भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
मंदिर परिसर में दिनभर विविध आयोजन होंगे, जिनमें विशाल भजन संध्या, आकर्षक विद्युत सजावट, विशेष दर्शन-पूजन, अभिषेक, सामूहिक संगीतमय पाठ, पुष्प श्रृंगार, छप्पन भोग और बधाई उत्सव शामिल हैं। इस बार मेले का मुख्य आकर्षण 50 फीट लंबी ‘समुद्र मंथन’ की भव्य स्वचालित झांकी रहेगी, जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करेगी। इसके साथ ही अन्य मनोहारी स्वचालित झांकियां भी सजाई जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे महामंगला आरती से होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे श्रद्धेय अनिल कुमार मोदी के सानिध्य में सामूहिक संगीतमय बाबा गंगाराम अमृतवाणी का पाठ किया जाएगा। इस पाठ का वाचन कोलकाता के प्रसिद्ध कलाकार सौरभ मधुकर द्वारा किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। पाठ के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
दोपहर 4 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें कोलकाता के विख्यात गायक ज्योति खन्ना एवं लखनऊ के प्रसिद्ध गायक कुमार शानू भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
मंदिर परिसर को फूलों एवं बंगाल की विशेष कलात्मक सजावट से सजाया जा रहा है। इसके लिए कोलकाता से कुशल कारीगर बुलाए गए हैं, जो सजावट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मेले में देशभर से प्रवासी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कोलकाता, मुंबई, सूरत, इंदौर, बिलासपुर, कानपुर और पटना सहित विभिन्न शहरों से भक्तगण बाबा के दरबार में शीश नवाने आएंगे। श्रद्धालुओं के ठहरने व अन्य व्यवस्थाओं के लिए समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि यह मेला प्रति वर्ष बैसाख कृष्ण चतुर्थी को बाबा गंगाराम के परम भक्त देवकीनंदनजी के आशीर्वाद दिवस एवं आशीर्वाद मंदिर के पाटोत्सव के रूप में मनाया जाता है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2091905


