झुंझुनूं में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’:अफीम के 8000 पौधे बरामद; गैंगस्टर्स के फॉलोअर्स पर एक्शन, 111 ठिकानों पर दबिश
झुंझुनूं में पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार':अफीम के 8000 पौधे बरामद; गैंगस्टर्स के फॉलोअर्स पर एक्शन, 111 ठिकानों पर दबिश
झुंझुनूं : झुंझुनूं जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी घेराबंदी की। ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत कामयाबी हासिल करते हुए 8153 अफीम के पौधे बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही जिले भर में वांटेड अपराधियों, गैंगस्टरों और उनके सोशल मीडिया समर्थकों के खिलाफ व्यापक स्तर पर दबिश दी गई है।
गोठड़ा पुलिस ने पकड़ी अफीम की अवैध खेती
अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई पुलिस थाना गोठड़ा द्वारा की गई। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस ने ढाकला की ढाणी (तन चिराना) में छापा मारा। यहां पुलिस ने खेतों से 8153 अफीम के टोडे लगे हुए पौधे जब्त किए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बाबूलाल पुत्र बलाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी गई है।
तड़के सुबह शुरू हुआ एक्शन
पुलिस मुख्यालय (ATS, AGTF, ANTF) के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के मार्गदर्शन एक दिवसीय अभियान चलाया गया। सोमवार तड़के सुबह जब पूरा जिला सो रहा था, तब झुंझुनूं पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों के ठिकानों पर दस्तक दे रही थीं।

अभियान के मुख्य आंकड़े और गिरफ्तारियां
पुलिस ने विभिन्न गैंगों से जुड़े अपराधियों के 111 ठिकानों को खंगाला। पुलिस ने 7 फरार और इनामी अपराधियों को दबोचने में सफलता प्राप्त की। इनके कब्जे से 02 वाहन और 02 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
शांतिभंग और निरोधात्मक कार्रवाई
41 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, 04 अन्य वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और चोरी के एक प्रकरण में एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया। 27 अपराधियों के विस्तृत पूछताछ नोट तैयार किए गए और 3 नए डोजियर खोले गए हैं ताकि उनकी भविष्य की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

सोशल मीडिया पर ‘गैंगस्टर कल्चर’ पर प्रहार
पुलिस का यह अभियान सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा। विशेष रूप से उन युवाओं और संदिग्धों पर नजर रखी गई जो सोशल मीडिया पर खतरनाक गैंगस्टर्स के समर्थक हैं या उनके पोस्ट शेयर करते हैं।
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराधियों का महिमामंडन करने वालों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान से अपराधियों और वांछितों के बीच डर व्याप्त हुआ है। जनता के बीच सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2049252


