स्वतंत्रता सेनानी कालीदास स्वामी का सम्मान:विधायक मील ने जैतूसर में किया अभिनंदन, हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ
स्वतंत्रता सेनानी कालीदास स्वामी का सम्मान:विधायक मील ने जैतूसर में किया अभिनंदन, हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ

सीकर : सीकर जिले के स्वतंत्रता सेनानी कालीदास स्वामी का मंगलवार को विशेष सम्मान किया गया। विधायक सुभाष मील खंडेला ने जैतूसर गांव में स्वामी के निवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। विधायक मील ने स्वतंत्रता सेनानी को शॉल, माला और श्रीफल भेंट किया। इसी अवसर पर उपखंड क्षेत्र रींगस में हर घर तिरंगा अभियान की भी शुरुआत की गई।
विधायक मील ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर तैनात जवानों का सम्मान करना हर देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। स्वतंत्रता सेनानी कालीदास स्वामी ने आजादी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय परिस्थितियां बहुत कठिन थीं। उनका एकमात्र लक्ष्य देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराना था। उन्होंने युवा पीढ़ी के लिए शिक्षा और समृद्धि की कामना की।
अभियान के संयोजक विष्णु गंगावत ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता मूलचंद जांगिड़, विष्णु चूलेट, श्यामसेवक कुशाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाखा कुमावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भातरा, पार्षद राजेंद्र दंबीवाल, रुड़मल सैनी, रामकिशन, मक्खन लाल, सतीश खेमका सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी व क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित थे।