डॉक्टर दिवस पर गौ माता को अर्पित किया हरा चारा व गुड़
तीर्थ यात्रा पोस्टर का विमोचन कर जीवन एक आधार सेवा संस्थान ने महाकाल ज्योतिर्लिंग उज्जैन यात्रा का किया ऐलान

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविन्द्र पारीक
नवलगढ़ : जीवन एक आधार सेवा संस्थान, नवलगढ़ द्वारा डॉक्टर दिवस के अवसर पर एक विशेष आयोजन किया गया। कस्बे की बड़वासी ग्राम पंचायत स्थित श्री गोपाल गौशाला में संस्था द्वारा तीर्थ दर्शन यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके पश्चात संस्था के सदस्यों ने गौ माता को हरा चारा व गुड़ खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।
संस्था प्रभारी पुष्पा सैनी ने बताया कि संस्था द्वारा 18 जुलाई 2025 को महाकाल ज्योतिर्लिंग उज्जैन की तीर्थ दर्शन बस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें यात्रियों के रहने व खाने की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य जनमानस को आध्यात्मिक रूप से जोड़ना है।
इसके साथ ही संस्था ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक और पहल की है। संस्था द्वारा निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक महिलाएं मो. 9509254957 पर रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।
इस मौके पर पुष्पा सैनी, राकेश कुमार रामधन, सुभाष चौबदार, बबली सहित कई लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक सेवा, गौसेवा और धार्मिक चेतना को एक साथ जोड़ते हुए समाज को नई दिशा देने का संदेश दिया।