सेना के जवान संजय गुर्जर का ब्रेन हेमरेज से निधन:पैतृक गांव में सैन्य सम्मान से हुई अंत्येष्टि, तीन साल के बेटे हर्षित ने दी मुखाग्नि
सेना के जवान संजय गुर्जर का ब्रेन हेमरेज से निधन:पैतृक गांव में सैन्य सम्मान से हुई अंत्येष्टि, तीन साल के बेटे हर्षित ने दी मुखाग्नि

खेतड़ी : खेतड़ी उपखंड के राजोता पंचायत की ढाणी लगरियावाली निवासी सेना के जवान संजय गुर्जर का ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया। सोमवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। इस अवसर पर युवाओं ने निजामपुर मोड़ से ढाणी लगरियावाली तक तिरंगा यात्रा निकाली।
संजय गुर्जर भारतीय सेना की 5 ग्रेनेडियर यूनिट में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग असम के लेखापानी में थी। एक महीने पहले ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद उन्हें कलकत्ता और फिर दिल्ली के आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रविवार सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
संजय गुर्जर का विवाह 2015 में ममता (मेहाड़ा निवासी) के साथ हुआ था। उनके तीन बच्चे हैं: कनिका (8 वर्ष), तनू (5 वर्ष) और हर्षित (3 वर्ष)। संजय तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और उनका छोटा भाई संदीप सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है।
तीन साल के बेटे हर्षित ने दी मुखाग्नि
सोमवार शाम उनकी पार्थिव देह खेतड़ी पुलिस थाने से उनके गांव ले जाई गई। जयपुर से आई मराठा यूनिट के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके बेटे हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान निजामपुर मोड़ से राजोता पंचायत की लगरियावाली ढाणी तक युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अंत्येष्टि के दौरान सुबेदार दीपक कुमार, पूनम धर्मपाल गुर्जर, महेंद्र छावड़ी, पूर्व विधायक हजारीलाल गुर्जर, गोपीराम सरपंच, पूर्व प्रधान मदनलाल, उप जिला प्रमुख सतवीर गुर्जर, तहसीलदार सुनील कुमार, रामपाल कसाणा, धर्मवीर दुधवा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे। जवान संजय गुर्जर की अंतिम विदाई में उपस्थित सभी ने उनकी शहादत को नमन करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की।