झोली फैलाकर सांसद संजना जाटव ने वोट मांगे : कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल भरतपुर की सांसद घर-घर जाकर कर रहीं संपर्क
झोली फैलाकर सांसद संजना जाटव ने वोट मांगे:कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल भरतपुर की सांसद घर-घर जाकर कर रहीं संपर्क

भरतपुर : उपचुनाव में अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए नेताओं ने जान झोंक दी है। वोटरों को आकर्षित करने के लिए नेता कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कोई डांस कर रहा है तो कोई झोली फैलाकर वोट मांग रहा है। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के डांस करने के कई वीडियो सामने आ चुके हैं।
अब सांसद (भरतपुर) संजना जाटव का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह झोली (आंचल) फैलाकर कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन जुबेर खान के लिए वोट मांग रही हैं। संजना को पार्टी ने उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रखा है। आर्यन रामगढ़ (अलवर) से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
आर्यन जुबेर खान के समर्थन में हुई थी जनसभा
रामगढ़ के बड़ौदामेव इलाके में शुक्रवार को आर्यन जुबेर खान के लिए जनसभा का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद भजनलाल जाटव, सांसद संजना जाटव शामिल हुए थे।

वीडियो खूब हो रहे शेयर
संजना जाटव राजस्थान में 7 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए जमकर प्रचार कर रही हैं। इसका वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है। संजना ने जब लोकसभा चुनाव लड़ा था, उस वक्त भी उनके वीडियो सोशल मीडिया पर छाए रहते थे। इनमें वे महिलाओं के साथ डांस करती नजर आई थीं। संजना खेती-किसानी से भी जुड़ी हैं। घर व खेत के काम करते हुए भी उनके वीडियो सामने आते रहते हैं।

रामगढ़ में सहानुभूति की जंग
अलवर के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का उप चुनाव बीजेपी ने सुखवंत सिंह को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने यहां से विधायक रहे दिवंगत नेता जुबेर खान के बेटे आर्यन को मैदान में उतारा है। जुबेर के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने इस सीट पर सहानुभूति कार्ड खेला है।
आर्यन के समर्थन में हुई कांग्रेस की जनसभा
आर्यन के समर्थन में रामगढ़ के बड़ौदामेव में शुक्रवार को कांग्रेस की बड़ी सभा हुई थी। 13 नवंबर को यहां मतदान होगा, जिसमें करीब 2 लाख 73 हजार मतदाता रामगढ़ विधानसभा के विधायक का निर्णय करेंगे। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सभा में कहा था- रामगढ़ में इस बार बेहद दिलचस्प मुकाबला होगा। हालात यह है कि मुख्यमंत्री भजनलाल को दोबारा रामगढ़ आना पड़ रहा है। ऐसा लग रहा है कि एक बार में उनका काम नहीं हो रहा। इसलिए बार-बार आना पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के मंत्री सब रामगढ़ में ही तैनात हैं, जबकि राज्य के अन्य छह स्थानों पर भी चुनाव हो रहे हैं। रामगढ़ के समझदार लोग जानते हैं कि चाहे कोई मंत्री आए या मुख्यमंत्री, उनकी समझ और मत बदलने वाला नहीं है।

डोटासरा ने कहा- कृषि मंत्री ने ऋण माफ करने से इनकार किया
पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था- जुबेर खान ने भाईचारे, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ विकास के काम किए। सरकार ने किसानों के लिए कोई लाभकारी योजना लागू नहीं की है। भाजपा ने संकल्प पत्र में बाजरे की एमएसपी पर खरीद का वादा किया था, लेकिन आज तक वह शुरू नहीं हुई। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों का ऋण माफ करने से इनकार कर दिया और किसानों की नीयत पर सवाल उठाए।