खेतड़ी में जन्माष्टमी महोत्सव:शहर के मंदिरों में की गईं विशेष तैयारियां, रामनगर में होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता
खेतड़ी में जन्माष्टमी महोत्सव:शहर के मंदिरों में की गईं विशेष तैयारियां, रामनगर में होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता

खेतड़ी : खेतड़ी शहर में सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसको लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। भगवान के जन्म को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा है और मंदिरों में जाकर दर्शन कर रहे हैं।
मंदिरों में भगवान का विशेष श्रृंगार
शहर के चुना चौक स्थित श्याम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया है। मंदिर में सवेरे से ही श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। मंदिर पर आकर्षक रोशनी की गई है। शहर के मुख्य बाजार स्थित खेतड़ी रियासत के पांचवें राजा बख्तावर सिंह द्वारा बनाए गए ऐतिहासिक मुछों वाले भगवान श्रीराम मंदिर में भगवान का श्रृंगार जयपुर से लाए गए फूलों से किया गया है। शहर के जानकी वल्लभ अधर मंदिर, हनुमान गढ़ी स्थित मंदिर, मुख्य बाजार स्थित रामायण सत्संग मंदिर, भटियाणी जी मंदिर, बालाजी मंदिर, रघुनाथ मंदिर, बड़ा मंदिर, चुना चौक स्थित श्याम मंदिर में भी इस अवसर पर विशेष आयोजन हो रहे हैं।
शहर में निकलेंगी झांकियां
जन्माष्टमी के अवसर पर शहर में शाम सात बजे से झांकियां निकाली जाएंगी। ये झांकियां मुख्य बाजार स्थित रामायण सत्संग मंदिर से शुरू होंगी। इसके बाद चुना चौक श्याम मंदिर होते हुए शहर के प्रमुख बाजार पहुंचेगी। रात आठ बजे झांकियों का समापन होगा। इसके अलावा बडाऊ पंचायत के रामनगर में बंकट दास आश्रम में रात आठ बजे मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जा रहा है। इस दौरान विजेता टीम को आयोजन कमेटी की ओर से 51 सौ रुपए का नगद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राजोता के विवेकानंद शिक्षण संस्थान में बच्चों द्वारा सुबह दस बजे 21 तरह की झांकियों का मंचन किया जाएगा। खेतड़ीनगर के रामलीला मैदान स्थित मंदिर में शाम छह बजे से देर रात तक मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण का जन्म होने के साथ महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।