डोटासरा पर बरसे राधामोहन, बोले- कुपात्र को क्या ज्ञान दूं:कांग्रेस की नीति राष्ट्र विरोधी; एकजुटता का दिया संदेश, अलग-अलग स्वागत पर भड़के राठौड़
डोटासरा पर बरसे राधामोहन, बोले- कुपात्र को क्या ज्ञान दूं:कांग्रेस की नीति राष्ट्र विरोधी; एकजुटता का दिया संदेश, अलग-अलग स्वागत पर भड़के राठौड़

झुंझुनूं : राजस्थान के भाजपा प्रदेश प्रभारी शनिवार को झुंझुनूं में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर खूब बरसे। डोटासरा ने प्रभारी राधामोहन दास और प्रदेश अध्ययक्ष मदन राठौड़ को लेकर टीका-टिप्पणी की थी। प्रदेश प्रभारी ने डोटासरा के लिए कहा- जो दूसरों की ताकत पर पलना चाहता है, उसे क्या नसीहत दूं।
उन्होंने कहा- पहले वे नसीहत के लायक तो बनें। ज्ञान भी कुपात्र को नहीं देना चाहिए। हम तो खुद चाहते हैं कि कांग्रेस मजबूत हो। अगर वे योग्य बनें तो हम ज्ञान देंगे। विपक्ष हमेशा मजबूत होना चाहिए। हमारी कमियां उजागर करने से हम पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रभारी राधामोहन दास ने कहा ने कहा- डोटासरा ने बयान दिया था कि अगर हम भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से यह नहीं कहेंगे कि हम उनसे प्रेरणा लेते है, तो अल्लाह मियां का नाम लेकर कहेंगे क्या। हम हिंदूं हैं, तुम्हारा मुखिया तो हिंदू ही नहीं है।
हमारा मुख्यमंत्री (भजनलाल शर्मा) सनातन संस्कृति में विश्वास रखता है। मुख्यमंत्री कहेगा कि मुरलीधर की कृपा से हो रहा है, तो कांग्रेस को पीड़ा हो रही है। अगर मुख्यमंत्री ने अल्लाह की कृपा का नाम लिया होता तो कांग्रेस वाले बहुत खुश होते।
हम कांग्रेस को खुश करने के लिए अल्लाह का नाम थोड़े लेंगे। हम तो भगवान से ही काम करवाएंगे। ये आप अल्लाह वालों से पूछिए कि हिंदुओं को काफिर क्यों कहते हैं।

सिर्फ भाजपा में रह गई राष्ट्रवादिता
उन्होंने कहा- कांग्रेस की नीति राष्ट्र विरोधी हो गई है। राष्ट्रवादिता सिर्फ भाजपा में रह गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खुद की पार्टी में घुटन महसूस हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता डाकू से बदलकर वाल्मीकि बनना चाह रहे हैं।
हम किसी को आमंत्रित नहीं करते है। हमारे पास आएंगे तो स्वागत है। संगठन से जुड़कर चलेंगे तो ठीक है, नहीं तो अपने घर में रहें। किसी भी दल को तोड़ने में हम विश्वास नहीं रखते।

‘कांग्रेस की जड़ें पाकिस्तान में, राजीव गांधी ने कराए दंगे’
प्रदेश प्रभारी ने कहा- कांग्रेस की जडे़ं पाकिस्तान में हैं। उनकी जडे़ नेशनल कॉफ्रेंस से जुड़ी हैं। नेशनल कॉफ्रेंस कह रही है कि हम सत्ता में आए तो कश्मीर से धारा 370 हटा देंगे। जब कोई भी पार्टी राष्ट्र विरोधी काम करेगी तो उनसे कौन जुड़कर काम करना चाहेगा। कांग्रेस का देश के बंटवारे में बड़ा हाथ था।
उन्होंने कहा- पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने हिंदू और सिखों के दंगे करवाए थे। उन्होंने लोगों को दंगा करने के लिए उकसाया। दुनिया के इतिहास में ऐसा कोई प्रधानमंत्री नहीं रहा होगा, जो अपने ही नागरिकों को आपस में लड़वा रहा हो। कांग्रेस की हमेशा से ऐसी ही मानसिकता रही।
राहुल गांधी बताएंगे कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी से क्यों समझौता किया। पूरे देश को राहुल गांधी राष्ट्रवाद दिखा रहे हैं और कश्मीर में देश विरोधी पार्टी के साथ काम कर रहे हैं।

उपचुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ता एकजुट
राजस्थान के भाजपा प्रदेश प्रभारी ने उपचुनाव को लेकर कहा कि झुंझुनूं में भाजपा कार्यकर्ता एकजुटता हैं। सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। यहां गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष ने अलग-अलग स्वागत पर जताई नाराजगी
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने झुंझुनूं पहुंचने पर अलग-अलग स्वागत कार्यक्रम को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मंच से कहा कि अलग-अलग जगह स्वागत कर जनता को बांटने वाला काम मत करो। एकजुट हो जाओ, एकजुटता में ही ताकत है। उन्होंने कहा कि A को हम चुनते हैं, तो B उसकी पीठ पर छुरा मार देता है।
जब B को मौका मिलता है, A छुरा घोंप देता है। अपनी पूंजी बिखरी हुई है, उसे समेटना है। नेता तो बस चुनाव लड़ना चाहते हैं, लेकिन जनता को चाहिए सरकार और विकास। दूसरा, जनता चाहती है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मजबूत बनें। इसलिए सब को एक कर दो।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उसमें सब की भागीदारी चाहिए। मेरी प्रार्थना है कि भाजपा को संगठित कर दो, एकजुट कर दो, ये बहुत जरूरी है। बिखरने वाला काम मत करो।

राठौड़-राधामोहन का जोरदार स्वागत
झुंझुनूं पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल व प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान भाजपा बबलू चौधरी, जिला अध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, राजेंद्र भाम्बू मौजूद रहे।
इससे पहले नवलगढ़ में विधायक विक्रम जाखल, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी तथा झुंझुनूं ढ़िगाल टोल पर भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र भांबू के नेतृत्व में दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। पुलिस लाइन के पास भाजपा नेता बबलू चौधरी ने स्वागत किया।
इसके अलावा राजस्थान भाजपा की सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, खाद्य सुरक्षा मंत्री सुमित गोदारा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिह बागड़ी, संतोष अहलावत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, संभाग सह प्रभारी ओमप्रकाश बढ़ाना, धोध विधायक गोरधन वर्मा, ज़िला प्रभारी केडी बाबर सहित अन्य नेता बैठक में शामिल रहे।
झुंझुनूं पहुंचने पर विश्वंभर पूनिया, कमलकान्त शर्मा, महेश जीनगर, मुरारी सैनी साहित भाजपा नेताओं ने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

इसलिए दिया था राजेंद्र राठौड़ पर बयान
जयपुर में मंगलवार को बीजेपी सदस्यता अभियान की बैठक में राजेंद्र राठौड़ बीच में चले गए थे। प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास ने अपने भाषण में पूछा था- राजेंद्र राठौड़ कहां चले गए, मैं सब पर नजर रखता हूं। इस बहाने उनकी अटेंडेंस भी लग गई। उनसे पूछा जाना चाहिए कि किस कारण से उन्हें बैठक छोड़कर जाना पड़ा।
प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल व प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ झुंझुनूं विधानसभा में होने उपचुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। यहां चार अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं।
