नेक्सा एवरग्रीन के खिलाफ एक और मामला दर्ज:3 लाख की राशि हड़पने का मामला दर्ज हुआ; 2 साल पहले का है मामला
नेक्सा एवरग्रीन के खिलाफ एक और मामला दर्ज:3 लाख की राशि हड़पने का मामला दर्ज हुआ; 2 साल पहले का है मामला

जोधपुर : नेक्सा एवरग्रीन कंपनी के खिलाफ एक और मामला सामने आया है। करवड़ थाने में इस्तगासे से मामला दर्ज हुआ है। परिवादी ने 3 लाख रुपए कंपनी द्वारा हड़पने को लेकर मामला दर्ज करवाया है। कंपनी का घोटाला पिछले साल सामने आया था। इसे बाद से पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज करवाना चाहा। मामला दर्ज नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली और एमएम9 कोर्ट में इस्तगासा लगाया। इसके बाद करवड़ थाने में मामला दर्ज किया।
करवड़ के मैलावास निवासी 52 वर्षीय धनसिंह ने 3 लाख रुपए हड़पने का नेक्सा एवरग्रीन के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने बड़े-बड़े सपने दिखाए। मिनिमम 50 हजार रुपए का निवेश करवाया और हर मंगलवार को ब्याज खाते में आने का आश्वासन दिया। इस पर 9 सितंबर 2022 को 3 लाख रुपए का निवेश किया। शुरुआत में हर मंगलवार को ब्याज खाते में आ जाता था। 24 जनवरी 2023 को जब ब्याज नहीं आया तब कंपनी के ऑफिस पहुंचे तब पता चला कि कंपनी पैसा लेकर भाग गई है।
बता दें कि नेक्सा एवरग्रीन कंपनी गुजरात के धौलेरा के पास जमीन खरीद कर बेचने का बिजनेस शुरू किया था। यहां अन्य लोगों का इनवेस्टमेंट भी बड़ा लालच देकर करवाया। इस कंपनी के कई राज्यों के 62 हजार लोगों से 2700 करोड़ की ठगी की। कंपनी के मालिक सुभाष और रणवीर बिजारणियां पर कई मामले दर्ज हुए। जोधपुर में इस कंपनी के खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।