रामनवमी पर्व पर राशि अनुसार करें यह उपाय -आचार्य अभिमन्यु पाराशर

जलाराम बापा ज्योतिष संस्थान (रजि.) के अध्यक्ष ज्योतिष आचार्य अभिमन्यु पाराशर ने बताया कि नवरात्रि के नौंवे दिन यानी रामनवमी के दिन मां दुर्गा के नवमें स्वरूप सिद्धिदात्री की उपासना करें एवं अपनी शक्तिनुसार मां दुर्गा के नाम से दीप प्रज्ज्वलित करें।
नवमी के दिन कुंआरी कन्याओं को भोजन कराएं।
कन्याओं को उपहारस्वरूप चीजें भेंट करें।
हिंदू धर्म में राम नवमी का पर्व विशेष महत्व रखता है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर भगवान राम का जन्म हुआ था। इसलिए इस दिन को राम नवमी के रूप में मनाया जाता है और इस विशेष दिन पर प्रभु श्री राम की पूजा-अर्चना की जाती है।
रामायण के अनुसार, भगवान राम का जन्म चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के दिन कर्क लग्न में अभिजीत मुहूर्त में हुआ था। रामनवमी का पर्व चैत्र मास की नवरात्रि के आखिरी दिन होता है। रामनवमी का पर्व भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है।
पंचांग के अनुसार, चैत्र मास की नवमी तिथि का आरंभ 16 अप्रैल के दिन मंगलवार को दोपहर 1 बजकर 23 मिनट से प्रारंभ हो गया था और नवमी तिथि 17 जनवरी को दोपहर 3 बजकर 15 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि में नवमी तिथि होने के कारण रामनवमी का पर्व 17 अप्रैल को आज मनाया जाएगा। 17 अप्रैल को आज पूरे दिन रवि योग भी रहने वाला है।
भगवान राम की कृपा पाने के लिए इस दिन व्यक्ति को रामायण का पाठ और राम रक्षा स्तोत्र का पाठ भी करना चाहिए। ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन में सुख समृद्धि बनी रहती है। इस दिन भगवान राम के मंदिर में जाकर उन्हें पीले रंग के वस्त्र अर्पित करें। साथ ही पीले रंग के फूलों से बनी माला भी अर्पित कर उनकी स्तुति करें।
घर में ऐसे करें रामनवमी की पूजा
- यदि मंदिर जाना संभव न हो तो आप अपने घर में भी पूजा कर सकते है।
- पूजा के लिए सबसे पहले एक लकड़ी की चौकी लें। उसपर लाल रंग का एक कपड़ा बिछाएं।
- इसके बाद राम परिवार जिसमें भगवान राम, लक्ष्मणजी, माता सीता और हनुमान जी हो ऐसी मूर्ति गंगाजल से शुद्ध करके स्थापित करें।
- इसके बाद सभी को चंदन या रोली से तिलक करें। फिर उन्हें अक्षत, फूल, आदि पूजन सामग्री चढ़ाएं।
इसके बाद घी का दीपक जलाकर राम रक्षा स्त्रोत, श्रीराम चालीसा और रामायण की चौपाइयों का पाठ तरें। - आप चाहें तो इस दिन कांड के पाठ या हनुमान चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं।
- श्री राम नवमी के दिन अगर सामान्य विधि-विधान से लेकिन संपूर्ण मन और चित्त से पूजन कार्य किया जाए तो अपार धन संपदा की प्राप्ति होती है।
रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना करें। - नया घर, दुकान अथवा प्रतिष्ठान में पूजा-अर्चना कर प्रवेश किया जा सकता है।
- गरीब-असहाय लोगों को अपने सामर्थ्य अनुसार दान-पुण्य करें।
- राम का जन्मोत्सव इसी तरह मनाएं जैसे घर में कोई नन्हा शिशु जन्मा हो।
- किसी प्रकार के शुभ कार्य करने की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण दिवस है।
- श्रीराम नवमी के दिन रामरक्षास्त्रोत, राम मंत्र, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, सुंदर कांड आदि के पाठ से ना सिर्फ अक्षय पुण्य मिलता है बल्कि धन संपदा के निरंतर बढ़ने के योग जाग्रत होते हैं।
- किसी भी नए कार्य की शुरुआत, नया व्यवसाय आरंभ कर सकते है।
रामनवमी के दिन करें राशि अनुसार यह उपाय “पाराशर “
मेष राशि
मेष राशि वाले यदि रामनवमी के दिन लाल सुगंधित फूल भगवान श्री राम को चढ़ाएंगे और मुख्य रूप से अनार का फल भगवान राम को अर्पित करेंगे तो यह उनके लिए मुख्य रूप से फलदायी होगा। ज्योतिष के अनुसार ये उपाय आजमाने से आपकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ति होगी और बिगड़े काम भी बनेंगे।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लोग यदि रामनवमी के दिन भगवान श्री राम को खोए की मिठाई और केला चढ़ाएंगे तो यह विशेष रूप से आपके लिए फलदायी होगा। वृषभ राशि के लोग मुख्य रूप से इस दिन श्री राम दरबार की पूजा करें। इस दिन ज्योतिष का ये उपाय आपके जीवन में नए रास्तों को खोलने में मदद करेगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लोग रामनवमी के दिन विशेष रूप से कच्चे दूध में केसर और तुलसी के पत्ते डालकर चढ़ाएं। इस उपाय से आपको धन लाभ होने के साथ सभी कार्यों में सफलता मिलेगी।
कर्क राशि
कर्क राशि के लोग यदि रामनवमी के दिन रामाष्टक का पाठ (भगवान श्री राम के 5 मंत्र) करेंगे और यदि राम जी को लाल मिठाई चढ़ाएंगे तो उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा। रामनवमी के दिन किया गया ये विशेष उपाय आपको धन लाभ भी दिलाएगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के लोग रामनवमी के दिन श्री राम को तुलसी का भोग लगाएं और भोग की किसी भी सामग्री में तुलसी दल अवश्य डालें तभी भोग अर्पित करें। सिंह राशि के लोग यदि रामनवमी के दिन सुन्दर कांड का पाठ करेंगे तो ये आपके बिगड़े काम बनाने में मदद करेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि के लोग रामनवमी के दिन भगवान श्री राम को सुगंधित द्रव्य समर्पित करें। ऐसा करने से इस राशि के लोगों की किस्मत बदल जाएगी। इस दिन आप सुंदरकांड का पाठ जरूर करें जो आपके लिए विशेष रूप से फलदायी होगा।
तुला राशि
तुला राशि के लोग यदि रामनवमी के दिन चंदन का तिलक लगाएंगे तो यह आपके लिए मुख्य रूप से फलदायी होगा। इस दिन आप राम स्तुति का पाठ जरूर करें। ये उपाय आपकी सभी मनोकामनाओं को पूरा करेंगे और सभी कार्यों में सफलता दिलाएंगे।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लोग भगवान श्री राम को आटे का चूर्ण समर्पित करें या फिर आटे की पंजीरी बनाकर भोग लगाएं। इस दिन आप मुख्य रूप से श्री रामाष्टक का पाठ करें ये आपके लिए विशेष रूप से फलदायी होगा। रामनवमी के दिन मुख्य रूप से लाल तिलक राम जी को लगाएं एवं फल फूल का भोग लगाएं।
धनु राशि
धनु राशि के लोग रामनवमी के दिन मुख्य रूप से श्री राम दरबार का पूजन करें और उन्हें सुगंधित इत्र समर्पित करें। ये उपाय आपकी किस्मत बदलने के साथ आपको सफलता भी दिलाएंगे।
मकर राशि
मकर राशि के लोग इस दिन रामरक्षा स्त्रोत का पाठ करें। इस दिन मुख्य रूप से कच्चे दूध में तुलसी डालकर प्रभु श्री राम को समर्पित करें। ये सभी उपाय आपको कार्यों में सफलता दिलाने में मदद करेंगे।
कुम्भ राशि
कुंभ राशि के लोग रामनवमी के दिन माता सीता सहित भगवान श्री राम की स्तुति करें। इस दिन राम रक्षा स्त्रोत या सुंदरकांड का पाठकरें। ऐसा करना विशेष रूप से आपके लिए फलदायी होगा।
मीन राशि
मीन राशि के लोग रामनवमी के दिन विशेष रूप से श्री राम की स्तुति करें। इस दिन अयोध्या कांड एवं बालकाण्ड का पाठ जरूर करें। ऐसा करने से आपको सभी कार्यों में सफलता मिलेगी और आर्थिक लाभ भी होगा।
रामनवमी के दिन आजमाए गए सभी उपाय आपके बिगड़ते काम बनने में मदद करेंगे और आपका भाग्योदय करेंगे।