सेना के हेलीकॉप्टर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची मेहंदीपुर बालाजी:मंदिर में दर्शन कर रही, चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा, 1200 जवान मुस्तैद
सेना के हेलीकॉप्टर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची मेहंदीपुर बालाजी:मंदिर में दर्शन कर रही, चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा, 1200 जवान मुस्तैद

दौसा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार उत्तर भारत के बड़े धर्मस्थलों में प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने पहुंची। वे देश की पहली राष्ट्रपति होंगी, जो बालाजी के दर्शन करने यहां पहुंचेंगी। इनसे पहले तत्कालीन उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत भी बालाजी के दर्शन करने आ चुके हैं। ऐसे में राष्ट्रपति के यात्रा कार्यक्रम को लेकर बालाजी मंदिर में विशेष बंदोबस्त किए गए हैं।

प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति का सुबह 9:30 बजे सांगानेर एयरपोर्ट से रवाना होंगी। यहां मीन भगवान मंदिर के पीछे बने हेलीपैड पर उनके हेलीकॉप्टर लैंड करेंगे। जहां अगवानी के बाद वे 10:30 बजे मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगी। मंदिर में पूजा-अर्चना व स्वागत कार्यक्रम के बाद 11:15 बजे वापस जयपुर के लिए रवाना होंगी। बालाजी में राष्ट्रपति का यात्रा कार्यक्रम करीब 45 मिनट का बताया जा रहा है।

वहीं राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बालाजी मंदिर की आकर्षक सजावट की गई है। ट्रस्ट द्वारा मंदिर के गर्भगृह को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। मंदिर परिसर में शिव परिवार, समुद्र मंथन व हनुमानजी के चित्रण समेत कई झांकियां सजाई गई हैं। मंदिर के बाहर रेड कॉरपेट बिछाई गई है तो वहीं मंदिर परिसर में राष्ट्रपति के स्वागत में लाल फूलों से बना वेलकम लिखा हुआ डेकोरेशन भी कराया है।


सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद हैं। इसे लेकर बालाजी क्षेत्र में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के 1200 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। बालाजी कस्बे से जुड़े सभी रास्तों को सील कर पुलिस तैनात की गई है। मुख्य बाजार व गलियों के मुहाने जवानों की तैनातगी के साथ होटल, गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं की छतों से भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। साथ ही चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई हैं।

2 सप्ताह से चल रही थी तैयारियां
मेहंदीपुर बालाजी धाम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पिछले दो सप्ताह से दौसा व गंगापुर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा था। इसके लिए मीन भगवान मंदिर के पीछे चार हेलीपैड बनाए गए हैं। जिनमें 3 हेलीपैड राष्ट्रपति के विजिट के लिए, जबकि एक अन्य हेलीपैड मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बनाया गया है।