लव मैरिज करने पर मिली जान से मारने की धमकी:एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई सुरक्षा की गुहार, इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
लव मैरिज करने पर मिली जान से मारने की धमकी:एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई सुरक्षा की गुहार, इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान

चूरू : दिल्ली के रोहिणी की एक युवती ने चूरू जिले के राजगढ़ के युवक से लव मैरिज कर ली। दोनों की इंस्टाग्राम पर जान पहचान हुई थी। जान से मारने की धमकी मिलने पर दोनों एसपी ऑफिस पहुंचे और सुरक्षा देने की गुहार लगाई।
एसपी ऑफिस में दिल्ली की अंजली ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसके चार भाई हैं। दो साल पहले उसकी इंस्टाग्राम के जरिए राजगढ़ के वार्ड 9 निवासी नवीन से जान पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे की फोटो लाइक किया करते थे। फिर उनकी मोबाइल पर बातें होने लगी। नवीन का ननिहाल दिल्ली में है। अंजली ने बताया कि उसने दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में 9 महीने पहले अपने घर पर बताया, तो एक बार तो घर के लोग मान गए, लेकिन 10 दिन बाद ही रिश्ते से इनकार कर दिया। उसके परिजन दूसरी जगह उसकी शादी करना चाहते थे।
4 जनवरी को अंजली ने अपना घर छोड़ दिया और दिल्ली से झुंझुनूं आ गई। यहां नवीन पहले से ही उसका इंतजार कर रहा था। सीकर जिले में उन्होंने मन्दिर में शादी की और फिर राजगढ़ कोर्ट में कागजात बनवा लिए। दोनों झुंझुनूं में कमरा लेकर रहने लगे। अंजली ने बताया कि उसके चाचा और भाइयों ने अब उन्हें धमकी दी है। उसने बताया कि दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई है।