मुंदी ताल में हनुमान बेनीवाल की जनसभा, डोटासरा और चूरू सांसद पर साधा निशाना
किसान आंदोलन, अग्निवीर योजना और भर्ती मुद्दों का किया जिक्र; 2028 के विधानसभा चुनाव को बताया अपनी आखिरी निर्णायक लड़ाई
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
राजगढ़ : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल देर रात राजगढ़ क्षेत्र के मुंदी ताल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। सभा में उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, चूरू सांसद और समाज के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए अपने राजनीतिक संघर्षों और विभिन्न मुद्दों पर किए गए आंदोलनों का उल्लेख किया।
बेनीवाल ने राजगढ़ क्षेत्र के लोगों की हिम्मत और संघर्ष भावना की सराहना करते हुए उनसे आगामी राजनीतिक लड़ाई में साथ देने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए इसे अपनी आखिरी और निर्णायक लड़ाई बताया।
किसान आंदोलन को लेकर चूरू सांसद पर टिप्पणी
बेनीवाल ने किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए चूरू सांसद पर उस समय चुप रहने का आरोप लगाया, जब किसान अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में उन्होंने किसानों के समर्थन में केंद्र की सत्ता और गठबंधन से अलग होने का फैसला किया था। बेनीवाल ने दावा किया कि किसानों के मुद्दे पर उन्होंने सत्ता की परवाह किए बिना संघर्ष किया।
डोटासरा पर भी किया कटाक्ष
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर टिप्पणी करते हुए बेनीवाल ने कहा कि उनका राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष डोटासरा से कहीं पुराना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डोटासरा पिछले पांच साल से गमछा हिला रहे हैं। बेनीवाल ने समाज के कुछ नेताओं को भी नसीहत देते हुए उनके कामकाज पर सवाल उठाए। सभा में उन्होंने दारा सिंह एनकाउंटर प्रकरण का भी जिक्र किया और दावा किया कि इस मामले के दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
अग्निवीर और भर्ती मुद्दों पर गिनाए संघर्ष
बेनीवाल ने युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपने आंदोलनों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के विरोध, पेपर लीक मामलों और उप निरीक्षक भर्ती रद्द कराने की मांग को लेकर उन्होंने सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई। उन्होंने इन मुद्दों पर अपने संघर्ष को युवाओं के भविष्य और किसानों के हितों से जुड़ा बताया। जनसभा में बेनीवाल ने राजगढ़ क्षेत्र के लोगों से आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और उनका साथ देने की अपील की।




देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2494570


