अग्निवीर योजना के खिलाफ आंदोलन का ऐलान, पंचायत चुनाव के बाद झुंझुनूं में रैली करेंगे बेनीवाल
आरएलपी सुप्रीमो ने कहा—युवाओं और किसानों को जुटाकर दिल्ली तक ले जाएंगे आंदोलन; कैरू में विकास खीचड़ के समर्थन में देर रात जनसभा को किया संबोधित
नवलगढ़ : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अग्निवीर योजना के विरोध में आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। उन्होंने पंचायत चुनाव के बाद झुंझुनूं में युवाओं और किसानों की बड़ी रैली आयोजित करने तथा इसके बाद दिल्ली घेराव की घोषणा की। बेनीवाल ने कहा कि अग्निवीर योजना बंद करवाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
नवलगढ़ क्षेत्र के कैरू गांव में जिला परिषद वार्ड नंबर 9 से आरएलपी प्रत्याशी विकास कुमार खीचड़ के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि सेना में भर्ती की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर अग्निवीर योजना लागू किए जाने से युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने शेखावाटी के युवाओं और पूर्व सैनिक परिवारों से इस मुद्दे पर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
बेनीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद झुंझुनूं में युवाओं और किसानों की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसमें अग्निवीर योजना के साथ शेखावाटी के स्थानीय मुद्दे भी उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि रैली में लाखों युवाओं और किसानों को जुटाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शेखावाटी को बदलाव की शुरुआत करने वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहीं से नए राजस्थान के निर्माण की शुरुआत होगी।

पंचायत चुनावों को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताते हुए बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख दलों के बड़े नेता पंचायत चुनावों को कम महत्व दे रहे हैं, जबकि आरएलपी के लिए ये चुनाव महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने झुंझुनूं में मिल रहे जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में बदलाव की शुरुआत शेखावाटी से होगी।
तय समय से आठ घंटे देरी से पहुंचे बेनीवाल
कैरू में आयोजित जनसभा में बेनीवाल के पहुंचने का निर्धारित समय शाम 5:30 बजे था, लेकिन वे रात करीब डेढ़ बजे सभा स्थल पर पहुंचे। देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण सभा में मौजूद रहे। महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली। बेनीवाल के पहुंचने पर समर्थकों ने जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उत्साहित युवाओं ने उन्हें कंधों पर बैठाकर मंच तक पहुंचाया।
विकास खीचड़ के समर्थन में मांगे वोट
जनसभा में बेनीवाल ने जिला परिषद वार्ड नंबर 9 से आरएलपी प्रत्याशी विकास कुमार खीचड़ के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विकास को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि वह क्षेत्र में लोगों की सेवा कर रहा है। बेनीवाल ने ग्रामीणों से उन्हें समर्थन देने का आह्वान किया और कहा कि युवा, किसान तथा महिलाएं अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट रहें। सभा में आरएलपी जिलाध्यक्ष राजेंद्र फौजी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विजयहिंद जालिमपुरा ने किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2494665


