सरपंच चाहे तो गांव को बना सकता है स्वर्ग: राजेश्वर सिंह
‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की बिना प्रलोभन मतदान की अपील, महिलाओं की भागीदारी को बताया लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत
झुंझुनूं : “ग्राम पंचायत का सरपंच चाहे तो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर प्रभावी काम करके अपने गांव की तस्वीर बदल सकता है। इसलिए मतदाता बिना किसी प्रलोभन में आए, अपनी जिम्मेदारी समझते हुए योग्य प्रतिनिधि का चयन करें और अधिकाधिक मतदान करें।” यह बात राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सोमवार शाम आबूसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ कार्यक्रम में कही।
राजेश्वर सिंह ने मतदान जागरूकता के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति और उनकी सक्रिय भागीदारी को लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। मतदान के समय किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना अपने विवेक और जिम्मेदारी के आधार पर निर्णय लेना चाहिए।
महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र के लिए जरूरी
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने महिलाओं से आगामी पंचायती राज चुनावों में अधिकाधिक संख्या में मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के चुनाव ग्रामीण विकास की दिशा तय करते हैं। अन्ना हजारे की ग्राम पंचायत रालेगण सिद्धि का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरपंच के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी काम करके गांव का विकास किया जा सकता है।

दीप प्रज्वलित कर ली मतदान की शपथ
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों और युवाओं ने दीप प्रज्वलित कर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों की राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
लायंस क्लब के सहयोग से ‘प्लास्टिक मुक्त झुंझुनूं अभियान’ के तहत अतिथियों ने नॉन-वोवन बैग भी वितरित किए। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान जागरूकता के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने पंचायती राज चुनावों को लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं मतदान करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

ढिगाल और मांडासी में मतदान केंद्रों का निरीक्षण
झुंझुनूं दौरे के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ढिगाल और मांडासी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों के ठहरने, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और चुनाव संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मांडासी में मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष जताया।
नवलगढ़ सीमा पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर परशुराम धानका ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्य निर्वाचन आयुक्त का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी प्रांजल कंवर, विकास अधिकारी रितेश सांखला और तहसीलदार बजरंग मीणा साथ रहे।

कलेक्ट्रेट में चुनाव तैयारियों की समीक्षा
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर परशुराम धानका ने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। राजेश्वर सिंह ने अधिकारियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आबूसर में आयोजित कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), झुंझुनूं के प्रभागाध्यक्ष प्रमेंद्र कुल्हार ने किया। इस अवसर पर स्वीप के राज्य प्रभारी सुधीर सोनी, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर परशुराम धानका सहित जिला स्तरीय अधिकारी, ग्रामीण, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2483270

