बिसाऊ नगरपालिका की पहली साधारण सभा में विकास पर मंथन, आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया माहौल
स्ट्रीट लाइट, सफाई, जलभराव और आवारा पशुओं की समस्या पर उठे सवाल; भाजपा पार्षदों ने जताई नाराजगी, विधायक रीटा चौधरी की मौजूदगी में सात एजेंडों पर बनी सहमति, वार्डों की समस्याओं के समाधान का इंतजार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : नगरपालिका की पहली साधारण सभा में सोमवार को कस्बे के विकास और आमजन की बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। विधायक रीटा चौधरी की मौजूदगी में आयोजित बैठक में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, नालों की मरम्मत, पेयजल, आवारा पशुओं और सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं, बैठक की कार्यवाही और जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर देने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी हुए, जिससे माहौल गरमा गया।
एक ओर वार्डों की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया, वहीं भाजपा पार्षदों ने जनसमस्याओं पर पर्याप्त चर्चा नहीं होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। नगरपालिका की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बैठक में सात एजेंडों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।
सात एजेंडों पर बनी सहमति
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत हुडको से ऋण स्वीकृति के संबंध में विचार-विमर्श कर निर्णय लेने पर चर्चा हुई। अमृत 2.0 योजना के तहत कस्बे के विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए जलदाय विभाग को सड़क काटने की अनुमति देने पर सहमति बनी।
जांगिड़ भवन से जोधपुर मिष्ठान भंडार तक नाले की मरम्मत और उस पर लोहे के ढक्कन लगाने के कार्य के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। निजी पालतू पशुओं को उठाने की दर 500 रुपये निर्धारित की गई। नगरपालिका क्षेत्र में फिल्म और वीडियो शूटिंग की अनुमति के लिए 1,000 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई।
आमजन और विभिन्न संस्थाओं की ओर से निजी उपयोग के लिए मोबाइल टेम्पोलेट उपलब्ध करवाने पर प्रतिदिन के किराये के आधार पर सहमति बनी। इसके अलावा दीपावली के मद्देनजर कस्बे में सफाई व्यवस्था और रोशनी को लेकर भी चर्चा की गई।
वार्डों की समस्याओं पर पार्षदों ने उठाई आवाज
बैठक में वार्ड 3 की पार्षद शहनाज हाशिम खत्री ने सफाई व्यवस्था सुधारने, स्ट्रीट लाइट लगवाने, पेयजल समस्या दूर करने और आवारा पशुओं को पकड़ने की मांग रखी। वार्ड 4 के पार्षद मोहम्मद आबिद तंवर ने सफाई व्यवस्था सुधारने, आवारा पशुओं की धरपकड़ करने और नया नाला बनाकर उस पर लोहे के ढक्कन लगाने की मांग की।
वार्ड 10 के पार्षद यूनुस खान ने चूरू-झुंझुनूं डिपो की रोडवेज बसों को बिसाऊ बस स्टैंड तक लाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने पार्षदों को छह के बजाय दस स्ट्रीट लाइट उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। वार्ड 11 के पार्षद राकेश बागड़ी ने रोशनी व्यवस्था में सुधार के लिए स्ट्रीट लाइट के ठेके वार्ड 1 से 12 और वार्ड 13 से 25 तक अलग-अलग ठेकेदारों को देने का सुझाव दिया।
वार्ड 12 की पार्षद प्रियंका देवी ने बेसहारा गायों को पकड़कर गौशाला पहुंचाने की मांग की। वार्ड 13 की पार्षद ललिता बसंत चेजारा ने प्रत्येक वार्ड में दो जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मनरेगा से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने बाइपास स्टैंड की सीमेंट सड़क पर गति अवरोधक बनवाने की मांग भी रखी, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
वार्ड 16 के पार्षद शाबिर जाटू ने बताया कि पहले गंदे पानी की निकासी के लिए दो मोटरें लगी हुई थीं, लेकिन अब एक भी मोटर नहीं होने से बारिश का पानी कई घरों में भर जाता है। उन्होंने तत्काल मोटर लगवाने और बरसाती नाले की सफाई करवाने की मांग की। वार्ड 19 के पार्षद विकास जोशी ने आथुना दरवाजे के पास मुख्य सड़क पर बारिश का पानी जमा होने की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
वार्ड 20 के पार्षद पवन कुमार मिश्रा ने रात के समय मुख्य स्थानों पर कचरा सफाई के नाम पर खानापूर्ति होने का आरोप लगाया। उन्होंने या तो इस व्यवस्था को बंद करने अथवा नियमित निगरानी के साथ प्रभावी सफाई करवाने की मांग की। वार्ड 23 की पार्षद निरमा सैनी ने सफाई, स्ट्रीट लाइट और नए नाले के निर्माण का मुद्दा उठाया। वहीं, वार्ड 25 के पार्षद अब्दुल करीम मलाणस ने सफाई व्यवस्था सुधारने, समय पर पेयजल आपूर्ति और नए नालों के निर्माण की मांग रखी।
उपाध्यक्ष जुलेखा खत्री ने जताई नाराजगी
नगरपालिका उपाध्यक्ष जुलेखा खत्री ने बैठक की कार्यवाही और जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने के अवसर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पालिका अध्यक्ष सलमा सैय्यद और विधायक रीटा चौधरी की भूमिका पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा पार्षदों को अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।
भाजपा पार्षदों ने भी उठाए सवाल
भाजपा पार्षद राकेश बागड़ी, पवन कुमार मिश्रा, शहनाज खत्री और माया कंवर ने आरोप लगाया कि बैठक में जनसमस्याओं पर अपेक्षित गंभीरता से चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों की समस्याओं पर विस्तार से विचार किया जाना चाहिए और महिला पार्षदों को भी अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
मोहम्मद सलीम सैय्यद ने किया आरोपों का खंडन
पालिका अध्यक्ष सलमा सैय्यद के पति एवं पार्षद मोहम्मद सलीम सैय्यद ने लगाए गए आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि विधायक का बैठक में शामिल होना नियमों के विरुद्ध नहीं है। उन्होंने सभी पार्षदों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
अब विकास कार्यों पर अमल का इंतजार
बैठक में सफाई, रोशनी, जलनिकासी, पेयजल, रोजगार और सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। सात एजेंडों पर सहमति बनने के बाद अब वार्डों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन पर है। शहरवासियों को उम्मीद है कि बैठक में उठे मुद्दे केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई कर लोगों को राहत देंगे।
बैठक में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम कुमावत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता तथा नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2483302


