पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी ने चार पंचायत समितियों का दौरा किया
नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी में अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
झुंझुनूं : पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने बुधवार को नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी एवं गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों का दौरा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों की बैठक लेकर मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, मतदान दलों के ठहराव और मतगणना सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
नवलगढ़ में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं जांचीं
नवलगढ़ पंचायत समिति में बैठक के दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर जनरेटर तथा मतदान कक्ष, मतगणना कक्ष, परिसर और केंद्र के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्ट्रांग रूम एवं मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूरी करने तथा सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव के बाद होने वाली मतगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। महिला मतदाताओं की पहचान प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की जानकारी लेते हुए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। संभावित आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
इसके बाद गोठड़ा पुलिस थाने में भी अधिकारियों की बैठक लेकर पुलिस व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान डीवाईएसपी सुगन सिंह, एसडीएम प्रांजल कंवर, बीडीओ रितेश सांखला, नवलगढ़ थाना अधिकारी अजय सिंह शेखावत, मुकुंदगढ़ थाना अधिकारी गोपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
उदयपुरवाटी में बीएलओ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से लिया फीडबैक
इसके बाद कलेक्टर एवं एसपी उदयपुरवाटी पहुंचे। पंचायत समिति में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं बीएलओ की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में ईवीएम के पहुंचने एवं सुरक्षित भंडारण की तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सीबीईओ को मतदान केंद्र वाले विद्यालयों में बिजली, पानी, शौचालय और ठहरने सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। मतदान दलों के ठहराव, भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था तथा रिजर्व ईवीएम और रिजर्व मतदान दलों के लिए उपयुक्त स्थान पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए।
मतगणना केंद्र, मतदान कक्ष और पूरे परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से फ्लैग मार्च निकालने, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उदयपुरवाटी एसडीएम तानिया रिणवां, तहसीलदार जेआर कूड़ी, डीएसपी सुगन सिंह, थाना प्रभारी रामपाल मीणा, बीडीओ कुमुद सोलंकी, नगर पालिका जेईएन अजय चौधरी एवं बीसीएमओ डॉ. मुकेश भूपेश सहित अधिकारी मौजूद रहे।
गुढ़ागौड़जी में संचार व्यवस्था पर भी जोर
गुढ़ागौड़जी में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने मतदान केंद्रों एवं चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र के 200 मीटर क्षेत्र का चिन्हीकरण एवं आवश्यक मार्किंग समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मतपेटियों के सुरक्षित संग्रहण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा नामांकन स्थलों पर अभ्यर्थियों एवं आमजन की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा।
एसपी ने रिजर्व पुलिस दलों के ठहराव के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल नेटवर्क की सुविधा से वंचित ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था के लिए अतिरिक्त वायरलेस एवं उपग्रह संचार साधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए चुनाव से संबंधित तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करें। दौरे के दौरान मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम, ईवीएम, मतदान दलों के ठहराव, सुरक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों, संचार व्यवस्था एवं मतगणना तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2436082


