[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सीकर में पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू, तीन चरणों में होगा मतदान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

सीकर में पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू, तीन चरणों में होगा मतदान

29 अक्टूबर से शुरू होगा मतदान, 14 नवंबर तक तीन चरणों में चलेगी चुनाव प्रक्रिया; जिला परिषद सदस्य के लिए 3 लाख और सरपंच के लिए 1 लाख रुपए खर्च सीमा

सीकर : पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही सीकर जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कर चुनाव कार्यक्रम और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी।

मोदी ने बताया कि सीकर जिले में पंचायतीराज चुनाव दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में होंगे। दूसरे चरण में पाटन, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, खंडेला, पिपराली और नीमकाथाना पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में धोद ग्रामीण, धोद दांतारामगढ़, पलसाना और खाचरियावास तथा चौथे चरण में रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नेछवा और बलारां पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव कराए जाएंगे।

ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच का चुनाव मतपत्र से, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों का चुनाव ईवीएम से होगा। इस बार चुनाव लड़ने के लिए संतान संबंधी बाध्यता समाप्त कर दी गई है। अभ्यर्थियों की अधिकतम व्यय सीमा भी निर्धारित की गई है। जिला परिषद सदस्य के लिए 3 लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपए और सरपंच के लिए 1 लाख रुपए खर्च किए जा सकेंगे।

29 अक्टूबर को जिला परिषद-पंचायत समिति के लिए पहला मतदान

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अनिल कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 अक्टूबर तथा पंच-सरपंच के लिए 31 अक्टूबर को मतदान होगा। तीसरे चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 4 नवंबर और पंच-सरपंच का 6 नवंबर को होगा। चौथे चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 14 नवंबर तथा पंच-सरपंच का 16 नवंबर को होगा। सभी चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

पंच और सरपंच पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी। दूसरे चरण में उपसरपंच का चुनाव 1 नवंबर, तीसरे चरण में 7 नवंबर और चौथे चरण में 17 नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय पर होगी। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर और उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।

जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर रहेगी। पंचायत समिति सदस्य के लिए दूसरे चरण में 16 अक्टूबर, तीसरे चरण में 23 अक्टूबर और चौथे चरण में 4 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। पंच-सरपंच के नामांकन संबंधित चरण के अनुसार 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 15 नवंबर को होंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के प्रावधान प्रभावी हो गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles