प्रकृति और जल संरक्षण की दिशा में पबाना पंचायत का बड़ा कदम
भामाशाह ने पंचायत को भूमि दान की, करीब 50 लाख रुपए की लागत से विकसित होगा रिचार्ज तालाब व नेचर पार्क
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : शैलेंद्र पारीक
पबाना : ग्राम पंचायत पबाना ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पंचायत क्षेत्र में नालियों के पानी और वर्षाजल के संरक्षण के साथ भूजल स्तर बढ़ाने के लिए करीब 50 लाख रुपए की अनुमानित लागत से रिचार्ज तालाब और नेचर पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए भामाशाह महेश चाहर ने ग्राम पंचायत को भूमि दान की है।
परियोजना का शिलान्यास बुधवार को ग्राम पंचायत के सरपंच विजेंद्र सिंह डोटासरा की मौजूदगी में ग्रामवासियों के साथ किया गया। परियोजना के तहत नालियों के पानी को व्यवस्थित तरीके से रिचार्ज तालाब तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पानी का संरक्षण होने के साथ भूजल पुनर्भरण में मदद मिलेगी। वहीं, परिसर में पौधारोपण और हरियाली विकसित कर इसे नेचर पार्क के रूप में तैयार किया जाएगा।
सरपंच विजेंद्र सिंह डोटासरा ने कहा कि गांव के पानी को गांव में ही संरक्षित कर भूजल स्तर बढ़ाना ग्राम पंचायत की प्राथमिकता है। यह परियोजना जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में उपयोगी मॉडल साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में भूमि दानदाता महेश चाहर सहित गणमान्य लोगों और ग्रामवासियों का ग्राम पंचायत की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने भूमि दान करने के लिए महेश चाहर का आभार जताया। ग्राम पंचायत ने कहा कि पबाना में जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। पंचायत का लक्ष्य गांव को प्रकृति एवं जल संरक्षण की दिशा में आदर्श बनाने का है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2377145


