भाजपा के बागी ने कांग्रेस से चेयरमैन का फॉर्म भरा:7 पार्षदों के साथ शामिल हुए, समर्थन का आंकड़ा 12 पहुंचने का दावा
भाजपा के बागी ने कांग्रेस से चेयरमैन का फॉर्म भरा:7 पार्षदों के साथ शामिल हुए, समर्थन का आंकड़ा 12 पहुंचने का दावा
बगड़ : बगड़ नगरपालिका में चेयरमैन की कुर्सी को लेकर चल रही सियासी उठापटक ने बुधवार को नया मोड़ ले लिया। भाजपा के टिकट के दावेदार रहे और चुनाव में निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले राकेश शर्मा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। सांसद बृजेंद्र ओला की मौजूदगी में राकेश शर्मा के साथ 7 पार्षदों के कांग्रेस में शामिल होने की बात सामने आई है। इसके बाद राकेश शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान कांग्रेस नेता अमित ओला भी मौजूद रहे। राकेश शर्मा के खेमे की ओर से अब कुल 12 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है।
20 वार्डों का गणित, चुनाव के बाद बदली तस्वीर
बगड़ नगरपालिका के 20 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा के 6, कांग्रेस के 3 और निर्दलीय 11 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद चेयरमैन पद का गणित सीधे तौर पर किसी एक दल के पक्ष में नहीं था। 11 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक मानी जा रही थी। इसी बीच राकेश शर्मा का सात पार्षदों के साथ कांग्रेस के साथ जाना पूरे समीकरण को बदलने वाला घटनाक्रम बन गया है।
भाजपा के राकेश शर्मा अब कांग्रेस के चेयरमैन प्रत्याशी
राकेश शर्मा का कांग्रेस में जाना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनका राजनीतिक जुड़ाव लंबे समय से भाजपा से रहा है। स्थानीय राजनीतिक हलकों के अनुसार उनका परिवार भाजपा से जुड़ा रहा है। राकेश शर्मा स्वयं भाजपा में जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री जैसे संगठनात्मक पदों पर रह चुके हैं। उनके भाई राजेंद्र शर्मा भी भाजपा के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इस निकाय चुनाव में राकेश शर्मा ने भाजपा से बगड़ नगरपालिका के वार्ड का टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। अब वही राकेश शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर चेयरमैन पद की दौड़ में हैं।

कांग्रेस के पास तीन सीटें थीं, अब 12 के समर्थन का दावा
चुनाव परिणाम में कांग्रेस केवल तीन वार्ड जीत सकी थी। इसके मुकाबले भाजपा के छह और निर्दलीयों के 11 पार्षद जीते थे। ऐसे में कांग्रेस के लिए चेयरमैन पद तक पहुंचने का रास्ता निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से ही बनना था। अब राकेश शर्मा के साथ सात पार्षदों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद कांग्रेस खेमे की ओर से 12 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। हालांकि अंतिम स्थिति 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में ही स्पष्ट होगी।
योगेंद्र सिंह कालीपहाड़ी की भूमिका चर्चा में
पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव योगेंद्र सिंह कालीपहाड़ी की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं के अनुसार राकेश शर्मा और निर्दलीय पार्षदों को कांग्रेस के साथ लाने की रणनीति में कालीपहाड़ी सक्रिय रहे। राकेश शर्मा और पार्षदों को कांग्रेस के साथ जोड़ने को लेकर सांसद बृजेंद्र ओला के निवास पर बैठक हुई। इसमें सांसद ओला और उनके पुत्र अमित ओला मौजूद रहे। इसके बाद राकेश शर्मा सहित पार्षदों के कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा हुई। यही घटनाक्रम कुछ ही समय बाद नामांकन तक पहुंच गया।
भाजपा से गोविंद सिंह राठौड़ ने भरा नामांकन
दूसरी ओर भाजपा ने भी चेयरमैन पद पर अपनी दावेदारी कायम रखी है। भाजपा की ओर से गोविंद सिंह राठौड़ ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। अब बगड़ में मुकाबला सीधे तौर पर कांग्रेस समर्थित राकेश शर्मा और भाजपा के गोविंद सिंह राठौड़ के बीच दिखाई दे रहा है। भाजपा के पास चुनाव में जीते छह पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के मूल रूप से तीन पार्षद थे। ऐसे में दोनों दलों के लिए निर्दलीय पार्षदों का समर्थन निर्णायक है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दधीच के गृह क्षेत्र में चुनौती
बगड़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दधीच का गृह क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में भाजपा के लिए नगरपालिका चेयरमैन चुनाव का यह घटनाक्रम स्थानीय संगठन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। भाजपा के सामने अब केवल चेयरमैन पद बचाने की चुनौती नहीं है, बल्कि चुनाव में छह सीटें जीतने के बाद निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ रखने और कांग्रेस के बढ़े समर्थन के दावे का मुकाबला करने की चुनौती है। दूसरी ओर कांग्रेस के सामने अपने पक्ष में बने समर्थन को मतदान तक कायम रखने की चुनौती होगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2377293


