[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पूर्वी राजस्थान की झुंझुनूं जिला कार्यकारिणी घोषित


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पूर्वी राजस्थान की झुंझुनूं जिला कार्यकारिणी घोषित

संदीप केडिया व सुदीप गोयल बने जिला महामंत्री, रामावतार अग्रवाल को सौंपी कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

झुंझुनूं : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (पूर्वी राजस्थान) ने संगठन को जिले में और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग एवं प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार संदीप केडिया और सुदीप गोयल को जिला महामंत्री, जबकि रामावतार अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल की सहमति से की गई हैं।

संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवमनोनीत पदाधिकारी अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सक्रियता के बल पर झुंझुनूं जिले में अग्रवाल समाज को संगठित करने, संगठन का विस्तार करने तथा सामाजिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त पदाधिकारियों संदीप केडिया, सुदीप गोयल एवं रामावतार अग्रवाल ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास दिलाया।

जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला ने बताया कि जल्द ही जिले के वरिष्ठजनों से विचार-विमर्श कर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा तथा आगामी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

पत्रकारिता और संगठनात्मक अनुभव का मिलेगा लाभ

चिड़ावा निवासी एवं वर्तमान में झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर सक्रिय पत्रकार संदीप केडिया पूर्व में भी अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वे वर्तमान में अखिल भारतीय जर्नलिस्ट एंड मास मीडिया फेडरेशन के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष भी हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव एवं सामाजिक सक्रियता से सम्मेलन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

समाजसेवा की मिसाल हैं सुदीप गोयल

नवलगढ़ निवासी सुदीप गोयल पिछले 28 वर्षों से बौद्धिक दिव्यांग एवं मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा, पुनर्वास और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। वे ‘आशा का झरना’ संस्था के माध्यम से नवलगढ़, झुंझुनूं एवं सीकर में 300 से अधिक विशेष बच्चों के लिए विद्यालयों का संचालन कर रहे हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।

व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं रामावतार अग्रवाल

झुंझुनूं के छावनी बाजार निवासी युवा व्यापारी रामावतार अग्रवाल (पवन गुढ़ावाला) व्यापारिक, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे वर्तमान में शहर के प्रमुख व्यापारी संगठन गल्ला व्यापार संघ में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। संगठन को उम्मीद है कि उनकी वित्तीय एवं संगठनात्मक दक्षता से सम्मेलन को मजबूती मिलेगी।

समाज में खुशी की लहर

नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद झुंझुनूं जिले के अग्रवाल समाज में खुशी का माहौल है। समाज के वरिष्ठजनों, व्यापारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।

Related Articles