[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

पलसाना में सड़कों की खुदाई से लोग परेशान:जलदाय-बिजली विभाग के काम से बदहाल सड़कें, जाम की समस्या


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़पलसानाराजस्थानराज्यसीकर

पलसाना में सड़कों की खुदाई से लोग परेशान:जलदाय-बिजली विभाग के काम से बदहाल सड़कें, जाम की समस्या

पलसाना में सड़कों की खुदाई से लोग परेशान:जलदाय-बिजली विभाग के काम से बदहाल सड़कें, जाम की समस्या

पलसाना : पलसाना कस्बे में विकास कार्यों के नाम पर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही खुदाई आमजन के लिए परेशानी का कारण बन गई है। मुख्य बस स्टैंड से पुराने बाजार होते हुए कुमावतों के मोहल्ले तक सड़क जगह-जगह से खोद दी गई है। पहले जल जीवन मिशन के तहत जलदाय विभाग ने पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की थी। अब बिजली विभाग अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर खुदाई कर रहा है। खुदाई के बाद सड़क की समय पर मरम्मत नहीं होने से पूरा मार्ग उबड़-खाबड़ हो गया है।

राहगीरों ओमप्रकाश कुमावत और कानाराम यादव ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण पैदल चलने वालों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। जगह-जगह बने गड्ढों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उनका कहना है कि एक विभाग काम पूरा करता नहीं कि दूसरा विभाग उसी सड़क को फिर से खोद देता है, जिससे आमजन को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी पंकज कुमावत ने आरोप लगाया कि नगर पालिका बनने के बाद भी कस्बे की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि न तो नगर पालिका प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है और न ही प्रशासन आमजन की समस्याओं की ओर गंभीरता से ध्यान दे रहा है।

इन समस्याओं के बीच, पलसाना के व्यस्त खंडेला चौराहे पर प्रतिदिन लगने वाला भीषण जाम भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। सुबह-शाम वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जल्द सड़क की मरम्मत कराने और इन समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Related Articles