[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती पर भव्य समारोह, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं को दिए प्रेरणा के संदेश


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती पर भव्य समारोह, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं को दिए प्रेरणा के संदेश

राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती पर भव्य समारोह, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं को दिए प्रेरणा के संदेश

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

सीकर : लोककल्याणकारी शासक राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सालासर रोड स्थित गोविंदम मैरिज गार्डन में भव्य जयंती एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। राजकुमार हरदयाल सिंह त्रिलोक्य राज्य लक्ष्मी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

समारोह की अध्यक्षता जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, धोद विधायक गोरधन वर्मा, फतेहपुर विधायक हाकम अली खान एवं पूर्व सांसद सुभाष महरिया उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राव राजा कल्याण सिंह का जीवन लोककल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी महान व्यक्तित्व की पहचान उसके कार्यों से होती है और युवा पीढ़ी यदि उनके जीवन से प्रेरणा ले तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

वक्ताओं ने राव राजा कल्याण सिंह के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचारों और कार्यों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शेखावाटी के विकास पर हुई चर्चा

समारोह में शेखावाटी क्षेत्र की विकास संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शेखावाटी शिक्षा, वीरता और सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। साथ ही धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी इसकी अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार द्वारा खाटूश्यामजी, जीण माता, शाकंभरी और सालासर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं एवं आधारभूत ढांचे के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।

उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित हुए प्रतिभागी

अलंकरण समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा शहीद सैनिकों की प्रतिमाओं की स्थापना में विशेष भूमिका निभाने पर राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर को ‘महाराज शेखाजी अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। उन्हें एक लाख रुपए की सम्मान राशि भी प्रदान की गई।

वहीं शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. घासीराम वर्मा को ‘राव राजा कल्याण सिंह रत्न’ सम्मान से नवाजा गया तथा 51 हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई।

सम्मान राशि जनकल्याण के लिए समर्पित

समारोह की विशेष बात यह रही कि प्रेम सिंह बाजोर और डॉ. घासीराम वर्मा ने प्राप्त सम्मान राशि को सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याण कार्यों के लिए चैरिटेबल ट्रस्ट को समर्पित कर दिया। उनके इस निर्णय की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने राव राजा कल्याण सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles