[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

​खेतड़ी को चिकित्सा क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात: उप जिला अस्पताल में ट्रोमा सेंटर की वित्तीय स्वीकृति जारी, 16 नए पदों का हुआ सृजन


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

​खेतड़ी को चिकित्सा क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात: उप जिला अस्पताल में ट्रोमा सेंटर की वित्तीय स्वीकृति जारी, 16 नए पदों का हुआ सृजन

भजनलाल सरकार ने दी ₹3 करोड़ के अत्याधुनिक उपकरणों की मंजूरी; विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर का क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत

खेतड़ी : खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी सौगात मिली है। स्थानीय विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर के अथक प्रयासों और विधानसभा सत्र के दौरान प्रखरता से उठाई गई मांग के फलस्वरूप, राजस्थान की भजनलाल सरकार ने उप जिला अस्पताल खेतड़ी में ट्रोमा सेंटर के संचालन हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस ऐतिहासिक निर्णय के तहत ट्रोमा सेंटर के लिए 16 नए पदों का सृजन किया गया है, साथ ही अस्पताल को ₹3 करोड़ मूल्य के विभिन्न अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

​उल्लेखनीय है कि खेतड़ी के धनी लूना की ढाणी में ₹42 करोड़ की भारी-भरकम लागत से अत्याधुनिक उप जिला अस्पताल का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। ट्रोमा सेंटर की इस नई स्वीकृति से क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों और गंभीर मरीजों को त्वरित व आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

​खेतड़ी विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान भाजपा सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने जानकारी दी कि भजनलाल सरकार द्वारा अब तक खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड 44 चिकित्सा भवनों की स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। इनमें से कई भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, कुछ वर्तमान में निर्माणाधीन हैं और शेष अन्य के टेंडर की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

​इस बड़ी और ऐतिहासिक सौगात से हर्षित होकर आज क्षेत्र के समस्त चिकित्सा अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने विधायक कार्यालय पहुंचकर विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर का साफा पहनाकर, मिठाई खिलाकर और फूलों के हारों से भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। सभी उपस्थित जनों ने इस अभूतपूर्व विकास कार्य के लिए विधायक महोदय का आभार जताया और बधाई प्रेषित की।

​इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि यह जीत खेतड़ी की जनता की उम्मीदों की जीत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में, बल्कि शिक्षा, पेयजल, सड़क और रोजगार सहित संपूर्ण खेतड़ी क्षेत्र में चहुंमुखी और ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा खेतड़ी को विकास के मामले में राज्य में अग्रणी स्थान पर लाया जाएगा।

Related Articles