[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

टोडपुरा में घोड़ी पर सवार होकर निकली लाडो की बिंदोरी


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
उदयपुरवाटीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

टोडपुरा में घोड़ी पर सवार होकर निकली लाडो की बिंदोरी

टोडपुरा में घोड़ी पर सवार होकर निकली लाडो की बिंदोरी

उदयपुरवाटी : शेखावाटी की धरा पर सामाजिक बदलाव की एक नई और सुंदर तस्वीर देखने को मिली है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत टोडपुरा के ‘पचासीया वाला कुआं’ निवासी रामनिवास सैनी ने अपनी सुपुत्री प्रियंका सैनी की शादी के अवसर पर रूढ़िवादी परंपराओं को दरकिनार करते हुए एक अनूठी मिसाल पेश की है। यहाँ बेटे-बेटी में समानता का संदेश देते हुए लाडली प्रियंका की बिंदोरी घोड़ी पर बैठाकर धूमधाम से निकाली गई।

डीजे की धुन और मंगल गीतों से गूंजा गांव
मंगलवार को जब दुल्हन प्रियंका सैनी घोड़ी पर सवार होकर निकली, तो पूरे गांव का माहौल उत्सवमय हो गया। पिता रामनिवास सैनी और माता धन्नी देवी ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए डीजे की धुन पर नाचते-गाते पूरे गांव के मुख्य मार्गों से बिंदोरी निकाली। इस दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर प्रियंका को आशीर्वाद दिया।

पुरानी परंपराओं को तोड़ पेश की मिसाल
प्रियंका के दादा कानाराम सैनी ने इस मौके पर कहा कि समाज में अब पुरानी और संकुचित परंपराओं को बदलने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि बेटियां बेटों से कम नहीं हैं, उन्हें भी वही सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए जो बेटों को मिलता है। परिवार के इस कदम की मेहमानों और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।

शिक्षित जोड़ा बनेगा हमसफर
गौरतलब है कि दुल्हन प्रियंका सैनी और दूल्हा विकास मावरिया दोनों ही उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। शिक्षा के इस उजाले ने ही परिवार को सामाजिक कुरीतियों से ऊपर उठकर समानता का संदेश देने के लिए प्रेरित किया। भाई ने बताया कि यह आयोजन न केवल एक उत्सव था, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा है कि बहिन ही घर की असली शान हैं और उन्हें हर खुशी पाने का बराबर हक है। इनका विवाह 29 अप्रैल 2026 को संपन्न होगा। इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान जमन लाल सैनी, कैलाश सैनी, अंकित सैनी, जितेंद्र, अजय कुमार, सीताराम सैनी, सुरेश, सुभाष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उपस्थित रहे।

Related Articles