रील्स पर कमेंट करने पर युवक को मारी थी गोली:मर्डर के बाद पहाड़ियों में छुप गए थे आरोपी, गिरफ्तार किया तो बोला-अब बदमाशी नहीं करूंगा
रील्स पर कमेंट करने पर युवक को मारी थी गोली:मर्डर के बाद पहाड़ियों में छुप गए थे आरोपी, गिरफ्तार किया तो बोला-अब बदमाशी नहीं करूंगा
सिंघाना : सिंघाना में रंजिश और इंस्टाग्राम रील्स पर आपत्तिजनक कमेंट करने के कारण युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद आरोपी पहाड़ियों में छुप गए थे। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। दरअसल, 3 अप्रैल को सिंघाना थाना के ईशकपुरा गांव में मुकेश कुमार (23) उर्फ टिंकू निवासी डूमोली कलां का मर्डर कर दिया गया था।
मामले में ईशकपुरा निवासी विजय उर्फ मिंटू (26), भोदन निवासी सोमवीर (22) और नानूवाली बावड़ी निवासी अजीत भरगड (23) को पकड़ा है। जिला स्पेशल टीम (DST) और सिंघाना थाना पुलिस आज जब मुख्य आरोपी विजय को मेडिकल के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंची तो वह रोते हुए बोला- अब मैं बदमाशी नहीं करूंगा।

एक साल पहले हुई थी मारपीट
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया- मुकेश और विजय के बीच करीब एक साल पहले किसी शादी समारोह में मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। हाल ही में इंस्टाग्राम पर शेयर की रील्स पर दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई आपत्तिजनक कमेंट्स किए। इससे रंजिश और बढ़ गई। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने मुकेश की सोची समझी साजिश के तहत हत्या कर दी।

देसी कट्टे से सीने से सटाकर मारी थी गोली
3 अप्रैल को मुकेश दोस्तों से मिलने ईशकपुरा गांव आ रहा था। यहां आरोपी विजय अपने साथियों सोमवीर और अजीत के साथ पहले से ही घात लगाकर बैठा था। जैसे ही मुकेश रास्ते से गुजरा, आरोपियों ने लाठियों से हमला कर उसे बाइक से गिरा दिया। मुकेश संभल पाता, इससे पहले ही विजय ने उसके सीने से देसी कट्टा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पहाड़ियों में छुपे, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई थीं। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने नीम का थाना, सीकर, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ सहित दर्जनों ठिकानों पर दबिश दी। स्पेशल टीम ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सबूत जुटाए। आज डीएसटी के कॉन्स्टेबल प्रदीप को सूचना मिली कि आरोपी भैसावता कलां की पहाड़ियों में छुपे हुए हैं। इस पर टीम ने पहाड़ियों की घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। टीम ने पीछाकर विजय, सोमवीर और अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से बचने के लिए भागते समय विजय का पैर फ्रैक्चर हो गया था। जब उसे अस्पताल लाया गया तो पुलिस जीप से नीचे उतरते ही वह दर्द के मारे चीख रहा था। रोते-बिलखते हुए वह बार-बार कह रहा था कि अब बदमाशी नहीं करूंगा। अस्पताल में बेड पर लेटकर भी वह काफी देर तक रोता रहा।

मुख्य आरोपी पर 7 मामले पहले से दर्ज
मुख्य आरोपी विजय आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 7 मामले दर्ज हैं। अजीत के खिलाफ मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह के निर्देश पर टीम अब आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19








Total views : 2091800


