125 साल पुरानी श्री गोपाल गौशाला पर लापरवाही के आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
125 साल पुरानी श्री गोपाल गौशाला पर लापरवाही के आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
झुंझुनूं : करीब 125 वर्ष पुरानी शहर की ऐतिहासिक श्री गोपाल गौशाला इन दिनों अनियमितताओं के आरोपों को लेकर चर्चा में है। शहर निवासी अशोक कुमार मोदी ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव, गोपालन विभाग के निदेशक सहित अन्य अधिकारियों को शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले पांच वर्षों में गौशाला और नंदीशाला में जिले में सबसे अधिक गोवंश की मृत्यु हुई है, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि मार्च 2021 से गौशाला का संचालन ऐसे लोगों के हाथों में है जिनका गोसेवा से कोई सरोकार नहीं है और गौशाला को दूध उत्पादन केंद्र की तरह संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि दूध देने वाली गायों को ही बेहतर चारा और देखभाल मिलती है, जबकि अन्य गोवंश को पर्याप्त चारा और समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पशुपालन विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने भी पिछले वर्षों में किसी प्रकार की गंभीर जांच नहीं की। साथ ही गौशाला के संविधान के अनुसार हर दो वर्ष में कार्यकारिणी के चुनाव होना अनिवार्य है, लेकिन आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से चुनाव नहीं कराए गए।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि गौशाला पहले से देवस्थान विभाग में पंजीकृत होने के बावजूद 13 अगस्त 2025 को नया नाम देकर ‘श्री गोपाल गौशाला सेवा संस्थान’ के रूप में अलग पंजीकरण कराया गया। इसके बावजूद सरकारी अनुदान पुराने नाम से जारी किए जाने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा चारा और पशु आहार की आपूर्ति में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि निम्न स्तर का चारा दिए जाने से गोवंश बीमार पड़ रहे हैं, जबकि इसकी गुणवत्ता की जांच नहीं की जा रही। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत भी जानकारी मांगी, लेकिन संबंधित सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।
अशोक कुमार मोदी ने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराकर गौशाला में हो रही अनियमितताओं और गोवंश की मौतों की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2058359

