RTO इंस्पेक्टर ने ट्रक ड्राइवर को सिर से मारा:युवक बोला-मेरे साथ मारपीट की और गाली दी, विभाग ने किया सस्पेंड
RTO इंस्पेक्टर ने ट्रक ड्राइवर को सिर से मारा:युवक बोला-मेरे साथ मारपीट की और गाली दी, विभाग ने किया सस्पेंड
सुजानगढ़ : चूरू जिले में परिवहन निरीक्षक (आरटीओ इंस्पेक्टर) ने ट्रक ड्राइवर को सिर से मारकर घायल कर दिया। हमले में ड्राइवर की आंख के पास चोट लगने से खून बहने लगा। निरीक्षक ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने यह कहते हुए मना कर दिया कि आप तो रोज यही काम करते हो। लोगों के आक्रोश को देखते हुए परिवहन निरीक्षक गाड़ी में बैठकर चले गए। शाम को विभाग ने परिवहन निरीक्षक सुरेश विश्नोई को सस्पेंड कर दिया। वहीं ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामला सुजानगढ़ का रविवार सुबह का है। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि डीटीओ के परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार विश्नोई ने ट्रक ड्राइवर से बहस कर रहे हैं। इसी दौरान ट्रक ड्राइवर को सिर से मारकर घायल कर देते हैं। ट्रक ड्राइवर एहसान अहमद (24) निवासी प्रयागराज (यूपी) ने कहा कि मैं ट्रक में सामान भर कर यूपी के भदोही जा रहा था। इस दौरान आरटीओ साहब ने हमारे से मारपीट की और गाली गलौज किया। मैंने कहा- मेरा रोजा है तो और भड़क गए।
घटना के 3 PHOTOS



रतनगढ़ में NH-11 पर पेट्रोल पंप के पास डीटीओ के परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार विश्नोई गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। ट्रक ड्राइवर को रोक लिया। लाइसेंस को लेकर विवाद हो गया। परिवहन निरीक्षक ने ड्राइवर का मोबाइल छीन लिया। युवक और परिवहन विभाग के निरीक्षक के बीच तीखी बहस हुई।
परिवहन निरीक्षक सस्पेंड
मामला सामने आने के बाद पुरुषोत्तम शर्मा आयुक्त परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने मोटर वाहन निरीक्षक सुरेश विश्नोई को सस्पेंड कर दिया। आदेश में कहा- सुरेश विश्नोई, मोटर वाहन निरीक्षक, जिला परिवहन कार्यालय, सुजानगढ़ का निलंबन अवधि में मुख्यालय परिवहन मुख्यालय जयपुर रहेगा एवं इन्हें निलंबन काल में नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
अब जानिए पूरा मामला
ड्राइवर पर हमले का वीडियो सामने आया है। जिसमें ड्राइवर और परिवहन विभाग के निरीक्षक सुरेश विश्नोई के बीच तीखी बहस हुई…
निरीक्षक- तेरे से लाइसेंस मांगा मैंने।
ड्राइवर- लाइसेंस मोबाइल में है, आपने मोबाइल ले लिया है।
निरीक्षक- मैं लाइसेंस मांग रहा था तो तू रिकॉर्डिंग कर रहा था।
ड्राइवर- रिकॉर्डिंग नहीं, मैं भी नौकरी करता हूं, मुझे भी सबूत देना पड़ता है। मेरा सेठ मानता नहीं।
निरीक्षक- गलत कर रहा था क्या तेरे साथ, कहते हुए निरीक्षक ने सिर से ड्राइवर पर हमला कर दिया।
ड्राइवर- यह क्या किया सर आपने, आंख के पास से खून निकल रहा है।
लोग बोले- साहब, ये क्या कर रहे हो? आपने तो गरीब की आंख ही फोड़ दी। देखिए इसके चेहरे से खून निकल रहा है।
निरीक्षक- बदतमीजी कर रहा है ये।
ड्राइवर- मेरा मोबाइल वापस दे दीजिए।
निरीक्षक- इसको अस्पताल ले चलते हैं।
लोग बोले- नहीं साहब, आप मत ले जाओ। आप तो रोज का यही काम करते हो। पंप और होटल के पास गाड़ियां रोककर लोगों से बदतमीजी करते हो।
आरटीओ साहब ने कहा- 15 हजार का चालान होगा
ट्रक ड्राइवर प्रयागराज (यूपी) निवासी एहसान अहमद (24) ने बताया- मैं ट्रक में सामान भर कर भदोही जा रहा था। रतनगढ़ चौराहा पार करते ही आरटीओ सर ने मुझे रुकवा लिया। तब आरटीओ साहब दिखाई नहीं दिए। मैंने ट्रक को साइड में लगा दिया।
ट्रक को साइड में लगाया तो 5-10 मिनट लग गए। जब मैं गाड़ी से उतर रहा था, तो उन्होंने मुझसे कहा, ‘हम तुम्हारे बाप के नौकर नहीं हैं, जो इतना टाइम लग रहा है उतरने में।’ मैंने कहा, ‘साहब, चलती गाड़ी से कूदकर तो नहीं आ जाऊंगा। थोड़ा टाइम तो लगेगा ही।

इसके बाद वे मुझे गाली देने लगे। मैंने कहा-, सर, गाली-गलौज मत कीजिए। आपको चालान करना है तो कर दीजिए। अगर मेरी कोई गलती है तो बता दीजिए। न तो मैंने गाड़ी भगाई है और न ही कुछ और किया है। एक फोन मेरे पास था और एक फोन गाड़ी में पड़ा था। उन्होंने मुझसे एक फोन ले लिया और कहा- 15 हजार का चालान होगा।’ मैंने कहा, ‘साहब, मुझे मेरा फोन दे दीजिए। मैं अपने सेठ से पूछ लेता हूं।
उन्होंने हमारा फोन नहीं दिया। मैंने कहा आप फोन नहीं देंगे तो कैसे पता चलेगा की चालान हुआ या नहीं हुआ। तब आरटीओ साहब गाली गुस्सा करने लगे और हमको मारने लगे। हमने कहा सर मारिए मत आपको जो चालान करना है आप चालान करिए। मेरा पूरा दिन रोजा है। इस पर उन्होंने कहा- हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है। रोजे के नाम से और गाली देने लगे।

परिवहन निरीक्षक के खिलाफ रतनगढ़ थाने में मामला दर्ज
सुजानगढ़ डीटीओ के परिवहन निरीक्षक सुरेश विश्नोई के खिलाफ रविवार देर रात रतनगढ़ पुलिस थाना में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घायल ट्रक ड्राइवर प्रयागराज यूपी निवासी एहसान अहमद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। ट्रक ड्राइवर एहसान अहमद के साथ की गई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद’ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन’ के प्रतिनिधि सुनील विश्नोई ने पुलिस अधीक्षक (SP) को ईमेल भेजकर अधिकारी सुरेश विश्नोई के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी।
आरोप है कि सुजानगढ़ डीटीओ के निरीक्षक सुरेश विश्नोई ने ट्रक ड्राइवर एहसान अहमद के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। एसोसिएशन ने इसे ट्रांसपोर्ट जगत के लिए असुरक्षा का माहौल बताया। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिडीया ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित ट्रक ड्राइवर की रिपोर्ट पर परिवहन निरीक्षक के खिलाफ रविवार रात को मामला दर्ज कर लिया है।
लोग बोले- डीटीओ साहब ने बुरी तरह से पीटा है
मारपीट के बाद घायल ट्रक ड्राइवर जमीन पर लेट गया। अपना मोबाइल वापस मांगने लगा। एक चश्मदीद ने चिल्लाते हुए कहा- डीटीओ साहब ने युवक को बुरी तरह पीटा और अब गाड़ी लेकर भाग रहे हैं। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया।
सांसद कस्वां बोले- सीएम और परिवहन मंत्री अधिकारी पर कार्रवाई करें
सांसद राहुल कस्वां ने कहा- संसदीय क्षेत्र के रतनगढ़ से हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक ट्रक ड्राइवर के साथ परिवहन विभाग के अधिकारी द्वारा मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाना स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है। ड्राइवर भाइयों से अवैध वसूली, मारपीट व दुर्व्यवहार की इस प्रकार की घटनाएं लगातार होना दिखाता है कि आम आदमी निरंकुश शासन की तानाशाही का लगातार शिकार हो रहा है और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को चाहिए कि इस घटना में लिप्त परिवहन विभाग के अधिकारी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें, ताकि मेहनतकश ड्राइवर भाइयों के साथ भविष्य में इस प्रकार का व्यवहार करने की हिमाकत कोई कार्मिक न करे।
नागौर सांसद बोले-कठोर कार्रवाई हो, “मुख्यमंत्री @BhajanlalBjp जी, चुरू जिले के रतनगढ़ का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,आप देखिए कैसे सड़को पर आपके परिवहन विभाग के अधिकारी ट्रक वालों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं | मुख्यमंत्री जी को इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग के इन अधिकारियों /… pic.twitter.com/Y6FdoMG3Sf— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) March 1, 2026″
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2049177


