[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

केसीसी टाउनशिप की समस्याः आजाद मार्केट-मानोता मार्ग पर टूटा चौराहा, हादसों का खतरा बरकरार


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

केसीसी टाउनशिप की समस्याः आजाद मार्केट-मानोता मार्ग पर टूटा चौराहा, हादसों का खतरा बरकरार

केसीसी टाउनशिप की समस्याः आजाद मार्केट-मानोता मार्ग पर टूटा चौराहा, हादसों का खतरा बरकरार

खेतड़ी  नगर : केसीसी टाउनशिप क्षेत्र में आजाद मार्केट से मानोता जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित चौराहे की बदहाल स्थिति आमजन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। यह चौराहा क्षेत्र का प्रमुख जंक्शन है, जहां से एक रास्ता सिटी हॉस्टल, दूसरा केसीसी टाउनशिप, तीसरा आजाद मार्केट और चौथा मानोता गांव की ओर जाता है। पास में ही चौपाटी बाजार भी बना हुआ है। रोजाना सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते है, लेकिन चौराहे के बीचों-बीच टूटी हुई संरचना और उखड़ी सड़क दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। चौराहे के बीच बना – कंक्रीट का आधार और लोहे की जंग लगी संरचना काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है। उसके आसपास की इंटरलॉकिंग सड़क भी उखड़ चुकी है और मलबा फैला हुआ है। वाहन चालकों को अचानक सामने अवरोध दिखने से ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे टक्कर और फिसलन की आशंका बनी रहती है।

रात में बढ़ जाता है खतरा

मानोता निवासी कुलदीप सैनी, प्रमोद ने बताया कि रात के समय इस चौराहे पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। अंधेरे में बीच सड़क पर बना यह टूटा ढांचा साफ दिखाई नहीं देता, जिससे कई बार दोपहिया वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं। कई छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस खतरनाक स्थान पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही रिफ्लेक्टर या बैरिकेड की व्यवस्था की गई है। इससे बाहर से आने वाले वाहन चालकों को चौराहे की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते यहां सुधार कार्य नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।

कई महीनों से बनी हुई है समस्या

यह स्थिति कई महीनों से बनी हुई है। केसीसी प्रशासन को मौखिक रूप से अवगत कराने के बावजूद अब तक मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि चौराहे का शीघ्र पुनर्निर्माण कर समतल सड़क बनाई जाए, साथ ही स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।

इनका कहना है-

रोजाना आजाद मार्केट, केसीसी टाउनशिप और मानोता मार्ग पर माल सप्लाई करने जाता है। चौराहे की टूटी हुई स्थिति के कारण इस जगह पर वाहन चलाना काफी जोखिम भरा हो गया है। चौराहे के बीच में टूटा हुआ कंक्रीट और उखड़ी सड़क की वजह से गाड़ी को मोड़ते समय खास सावधानी रखनी पड़ती है। अगर थोड़ा भी ध्यान भटका तो वाहन असंतुलित हो सकता है। रात में अंधेरा रहने से यह अवरोध दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। – संतोष सैनी, टेम्पू वाहन चालक

कई बार सामान से भरे वाहन को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे माल के क्षतिग्रस्त होने का भी खतरा रहता है। रात के समय तो ये दिखाई भी नहीं देता है। – बाबूलाल, निवासी गोठड़ा

यह चौराहा चार दिशाओं को जोड़ता है और यहां रोजाना भारी व हल्के वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में जल्द मरम्मत और उचित संकेतक लगाना बेहद जरूरी है। – ईश्वर सिंह, पूर्व थानाधिकारी

चौराहे को समतल कर स्थायी समाधान किया जाए और पर्याप्त रोशनी व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। – शमशेर चौधरी, ट्रांसपोर्टर व्यवसाई आजाद मार्केट

क्षेत्र में रहने वाले परिवार, स्कूली छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग और कर्मचारी रोजाना इस रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। चौराहे का पुनर्निर्माण, समुचित प्रकाश व्यवस्था और स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं। जब तक स्थायी सुधार नहीं होगा, तब तक खतरा बना रहेगा। यह रास्ता कई गांवों को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला भी है। – शेर सिंह कृष्णिया, सेवानिवृत अध्यापक

Related Articles