सीकर में पहली बार पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ
राजस्थान के सभी जिलों से पहुंचे दिव्यांग खिलाड़ी, 150 प्रतिभागी 106 इवेंट्स में दिखाएंगे दमखम
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
सीकर : राजस्थान राज्य स्तरीय 9वीं पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप–2025 का आज शनिवार को सीकर जिले के बढ़ाढर गांव स्थित स्वामी केशवानंद शिक्षण संस्थान में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया रहे। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों और पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
यह पहला अवसर है जब सीकर जिले में राज्य स्तरीय पैरा खेलों का आयोजन हो रहा है। आयोजन सचिव रामनिवास ढाका ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान के सभी जिलों से लगभग 150 दिव्यांग खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में कुल 106 इवेंट्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ढाका ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को मुख्यधारा के खेलों से जोड़ना, उन्हें प्रोत्साहन देना और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करेगी बल्कि समाज में दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और समावेशिता का संदेश भी देगी।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन सचिव ने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में सीकर में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर करने की योजना है, ताकि प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच मिल सके।
उद्घाटन समारोह में द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर प्रसाद सैनी, दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव हिम्मत सिंह, सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर पैरा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में मौजूद लोगों ने जोश और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। सीकर की धरती पर पहली बार आयोजित इस पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप ने खेल भावना और “सबके लिए समान अवसर” के संदेश को सशक्त रूप से सामने रखा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2044151

