विनोद जाखड़ की रिहाई को लेकर प्रदर्शन:कांग्रेस संगठनों ने अजीतगढ़ उपतहसील कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन
विनोद जाखड़ की रिहाई को लेकर प्रदर्शन:कांग्रेस संगठनों ने अजीतगढ़ उपतहसील कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन

अजीतगढ़ : राजस्थान NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ और उनके साथियों की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेस संगठनों ने आज अजीतगढ़ उपतहसील कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने पर जाखड़ और उनके साथियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने का विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों का विरोध करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लगातार लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है, और विनोद जाखड़ व उनके साथियों की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या के समान है।
इस विरोध प्रदर्शन में NSUI, सेवादल, यूथ कांग्रेस और कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद, उपतहसीलदार की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ और उनके साथियों को तत्काल रिहा करने की मांग की गई है।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के प्रदेश महासचिव किशन लाल योगी, NSUI प्रदेश महासचिव अरुण शर्मा दिवराला, लालचंद कांसोटिया, लखन पारिक, गजेन्द्र बडसिवाल, अजय कुमार, अमन वर्मा, मनीष सौंठवाल, गुलशन, अनिल कुमार सैनी, दिनेश वर्मा, विनोद लुणाका, भूपेंद्र यादव, मोहनलाल बुनकर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि विनोद जाखड़ और उनके साथियों को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।