रौनक भामू की टीम ने नेहरू कप के लिए क्वालीफाई:सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की ओर से खेले, 50 साल बाद हासिल की उपलब्धि
रौनक भामू की टीम ने नेहरू कप के लिए क्वालीफाई:सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की ओर से खेले, 50 साल बाद हासिल की उपलब्धि

फतेहपुर : फतेहपुर के रघुनाथपुरा गांव के रौनक भामू ने सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की अंडर-14 हॉकी टीम को 42वें नेहरू कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कराने में अहम भूमिका निभाई है। टीम ने 50 साल के लंबे अंतराल के बाद यह उपलब्धि हासिल की है। क्वालीफाइंग मैच में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने पंजाब पब्लिक स्कूल, नाभा (पंजाब) को 4-0 से हराया। रौनक भामू टीम के मुख्य और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं।
रौनक भामू पहले भी कई अंडर-14 हॉकी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में ‘बेस्ट प्लेयर’ का खिताब जीत चुके हैं। उनके खेल में अनुशासन, फिटनेस, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना स्पष्ट दिखती है।
दिल्ली में होगी नेहरू कप हॉकी टूर्नामेंट
स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोतिया ने बताया- खिलाड़ियों की फिटनेस, रणनीति और मनोबल पर विशेष ध्यान दिया गया था, जिसका परिणाम यह सफलता रही। उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पाल श्रीवास्तव ने भी टीम की मेहनत की सराहना की।
रौनक की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और रघुनाथपुरा गांव में खुशी का माहौल है। अब यह टीम 8 से 20 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होने वाले 42वें नेहरू कप हॉकी टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। विद्यालय प्रशासन ने टीम को बधाई दी है और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।