खेतड़ी में सफाई मित्रों का सम्मान, सद्भावना दिवस मनाया:लोगों को समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया
खेतड़ी में सफाई मित्रों का सम्मान, सद्भावना दिवस मनाया:लोगों को समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया

खेतड़ी : खेतड़ी कस्बे के चुणा चौक में गुरुवार को शहरी सेवा शिविर में सद्भावना दिवस मनाया गया। ये आयोजन गांधी जयंती के अवसर पर किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष गीता सैनी मुख्य अतिथि थीं, जबकि ईओ नागरमल गुर्जर ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। पालिकाध्यक्ष गीता सैनी ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के देश के प्रति बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को प्रगति की राह दिखाई।
सैनी ने उपस्थित लोगों को अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज हित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी गलतियों से सीखना चाहिए और भविष्य में सच्चाई व धर्म के प्रति अग्रसर रहना चाहिए।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सात सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पार्षद लीलाधर सैनी, हरमेंद्र चनानिया, पिंटू कुमावत, डॉ. अमन मीणा, एलए विजेश सैनी, नर्सिंग ऑफिसर नीलम भास्कर, एएनएम मनोज जाट, एसआई सुनील सैनी, लोकेश सिंह, सुखराम गुर्जर, संदीप शर्मा और मोहित सैनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।