सिंघाना पुलिस ने गांजा जब्त किया:अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सिंघाना पुलिस ने गांजा जब्त किया:अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सिंघाना : सिंघाना पुलिस ने देर शाम अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने 866 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि पुलिस भैरू घाटी मोड़ पर अवैध मादक पदार्थों पर कार्रवाई के लिए नाकाबंदी कर वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खेतड़ी नगर की ओर से एक व्यक्ति हाथ में काले रंग की प्लास्टिक की थैली लिए पैदल आता दिखा। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति थैली छिपाकर तेजी से वापस मुड़ने लगा, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान ग्यारसीलाल पुत्र मुन्नालाल, निवासी नरहड़, हाल आबाद मकान नंबर E 418 न्यू मार्केट खेतड़ी नगर के रूप में बताई। पूछताछ में उसने अपनी थैली में अवैध गांजा होने की बात स्वीकार की। उसके पास गांजा रखने का कोई लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने ग्यारसीलाल के कब्जे से कुल 866 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ग्यारसीलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहनता से पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सीताराम, बुहाना थानाधिकारी उमराव जाट, एचसी सुरेंद्र नारवाल, कुलदीप कुमार, दुर्गाप्रसाद, कांस्टेबल चोखाराम और अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।