खरकड़ा में भागवत कथा का आयोजन
3 किमी लंबी कलश यात्रा में शामिल हुईं सैकड़ों महिलाएं, पंडित दिनकर महाराज करेंगे कथावाचन

खेतड़ी : गुजरान गांव स्थित चौमुखा भेरूजी मंदिर में भागवत कथा का भव्य आयोजन शुरू हुआ। कथावाचन का दायित्व पंडित दिनकर महाराज निभा रहे हैं। आयोजन की शुरुआत तीन किलोमीटर लंबी कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। महिलाएं सिर पर कलश रख डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ीं। ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
कथा के प्रथम दिन पंडित दिनकर महाराज ने गोकर्ण और शुकदेव–परीक्षित संवाद का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करोड़ों पुण्यों के बाद ही मिलता है और यह भगवान की कृपा का प्रतीक है। कथा हृदय को जागृत कर मोक्ष का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने परीक्षित और शुकदेव संवाद का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे परीक्षित को वैराग्य होने पर शुकदेव जी ने कथा सुनाई और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति हुई। भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 12:15 से शाम 4 बजे तक होगी।
पहले दिन के आयोजन में कृष्ण कुमार सेन, अशोक धेधड़, मदन धेधड़, उमराव धेधड़, भादारमल समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं, सुमन देवी, कमला देवी, रुक्मणि, कांता देवी और सिलोचना देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।