भाजपा पदाधिकारियों ने झुंझुनूं में निकाला मौन जुलूस:राहुल गांधी की पीएम पर की टिप्पणी को लेकर किया प्रदर्शन, सार्वजनिक माफी मांगने की मांग
भाजपा पदाधिकारियों ने झुंझुनूं में निकाला मौन जुलूस:राहुल गांधी की पीएम पर की टिप्पणी को लेकर किया प्रदर्शन, सार्वजनिक माफी मांगने की मांग

झुंझुनूं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर झुंझुनूं में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा ने शहीद स्मारक से लेकर कलेक्ट्रेट तक मौन रैली निकाली। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में राहुल गांधी का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की।

जिला अध्यक्ष बोले- भाररतीय संस्कृति के खिलाफ अपशब्द
भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षणी कुलहरी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी की माता के लिए अपशब्द कहना न केवल असहनीय है, बल्कि भारतीय संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ है।
एक बेटे के नाते किसी की मां पर
की गई टिप्पणी पूरे देशवासियों को आहत करती है। राहुल गांधी को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। जब तक माफी नहीं मिलती, भाजपा का विरोध पूरे देशभर में जारी रहेगा। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ता शहीद स्मारक पर शामिल हुए और कलेक्ट्रेट तक मौन जुलूस निकाला। जहां कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका।
भाजपा पदाधिकारी बोले-राहुल गांधी माफी मांगें
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। परिवार पर निजी हमले करना राजनीति की संस्कृति को शर्मसार करता है। जनता इसका जवाब चुनाव में जरूर देगी।
पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा ने कहा कि मोदी जी की माता पर टिप्पणी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान है। कांग्रेस की सोच हीनता से भरी हुई है। अब जनता उन्हें राजनीतिक मैदान से बाहर कर देगी।
भाजपा नेता राजेश दहिया बोले- कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत हमले कर रही है। राजनीति मुद्दों पर होनी चाहिए, लेकिन परिवार को घसीटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा कार्यकर्ता ऐसे बयानों को कभी सहन नहीं करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में जिलेभर से भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन में पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज श्योराण, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।