चूरू में गोगाजी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन:झारिया की टीम ने उद्घाटन मैच जीता
चूरू में गोगाजी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन:झारिया की टीम ने उद्घाटन मैच जीता

चूरू : चूरू के घांघू गांव के मुख्य गोगामेड़ी परिसर में रविवार को जाहरवीर गोगाजी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समाजसेवी परमेश्वर लाल दर्जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रिंसिपल कासम अली ने कहा कि आंचलिक खेलों का संरक्षण सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए आवश्यक है। गोगानवमी पर आयोजित यह प्रतियोगिता घांघू की पहचान बन चुकी है।
विशिष्ट अतिथि महावीर नेहरा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। जनसंपर्क उप निदेशक कुमार अजय ने बताया कि घांघू के महान स्वतंत्रता सेनानी गोगाजी ने विदेशी आक्रमणकारियों से लड़ते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि गोगाजी का जन्म जीणमाता और हर्ष भैरव के कुल में हुआ था।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक सफी मोहम्मद गांधी और रामसिंह सिहाग ने राजकीय स्कूलों में चल रही खेल गतिविधियों की जानकारी दी। अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच झारिया और शहीद राजेश कुमार फगेड़िया राउमावि घांघू के बीच खेला गया। इस मैच में झारिया की टीम विजयी रही। विजय सिंह भाम्भू और विजेंद्र सिहाग मैच के निर्णायक थे। कार्यक्रम का संचालन बीरबल नोखवाल ने किया। मेला समिति के संयोजक केसरदेव गुरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।