नवलड़ी के भारत सिंह को राजभाषा विभाग स्वर्ण जयंती समारोह में मिला राष्ट्रीय सम्मान
"वाकेथान - रन फॉर फन" प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, दिल्ली में हुआ सम्मानित

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविन्द्र पारीक
नवलड़ी (नवलगढ़) : गांव के होनहार युवक भारत सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में एनडीआरएफ मुख्यालय, दिल्ली में निरीक्षक पद पर कार्यरत भारत सिंह को भारत सरकार के गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित “वाकेथान – रन फॉर फन” प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया, जहां भारत सिंह को प्रशस्ति पत्र व प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। ‘आयरन मैन’ के नाम से प्रसिद्ध भारत सिंह ने अब तक 50 किमी की 3, 42 किमी की 23, 21 किमी की 41 व 10 किमी की 16 मैराथन दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनुकरणीय उपलब्धि हासिल की है।
भारत सिंह की इस उपलब्धि पर नवलड़ी गांव सहित समूचे शेखावाटी क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।