3 साल से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी पकड़ा:खेत जा रहे परिवार पर किया था जानलेवा हमला
3 साल से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी पकड़ा:खेत जा रहे परिवार पर किया था जानलेवा हमला

खंडेला : सीकर जिले की खंडेला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 2022 में एक परिवार पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया- 19 दिसंबर 2022 को शारदा यादव (20) निवासी बरसिंहपुरा, खंडेला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शारदा ने बताया कि उनके पिता और भाई मनीष 18 दिसंबर 2022 को रात करीब 7:30 बजे खेत पर जा रहे थे। माताजी के पथ के पास आरोपी बद्री अहिर ने लोहे की रॉड से मनीष और उनके पिता पर जानलेवा हमला किया। बद्री के साथ उसके बेटे विकास, मुकेश, बेटी सुमन और रिश्तेदार महेश यादव व श्याम लाल यादव ने भी कुल्हाड़ी, दांतला, लोहे के सरिए और लाठियों से हमला किया। इस हमले में शारदा के पिता का पैर टूट गया और मनीष का हाथ टूटा, साथ ही दोनों को गंभीर चोटें आईं। हमलावर मौके से तीन बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। खंडेला और रानोली इलाकों में छानबीन के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पलसाना रोड से मुख्य आरोपी महेश कुमार (35) निवासी फतेपुरा भोमियान (सीकर) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले विकास, बद्री प्रसाद और सुमन को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है।