वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान : सीएम भजनलाल शर्मा ने जल संरक्षण को आमजन की भावना से जोड़ा- मुकेश दाधीच
जीतमल के जोहड़े में हुआ श्रमदान, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की, विधायक राजेंद्र भांबू ने नगर परिषद को 10 रुपए की लागत से जीर्णोद्धार के दिए निर्देश, नगर परिषद विकसित करवाएगी ‘अटल पार्क’

झुंझुनूं : वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत झुंझुनूं में शुक्रवार को विधायक राजेंद्र भांबू और जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने जीतमल का जोहड़ा में श्रमदान किया। विधायक ने जोहड़े को पुनर्जीवित करने के लिए अपने कोष से 10 लाख देने की घोषणा भी की। शुक्रवार को मोड़ा पहाड़ में स्थित जीतमल का जोहड़ा में श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम के साथ झुंझुनूं में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का समापन हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा- जल संरक्षण को सामाजिक दायित्व और भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का माध्यम है। वंदे गंगा जल संरक्षण जैसे अभियान समाज में चेतना लाते हैं और परंपरागत जल स्रोतों को संजीवनी देते हैं।
जोहड़ा में चला सघन सफाई कार्यक्रम
अभियान के अंतिम दिन जीतमल का जोहड़ा पर सघन सफाई हुई। गाद हटाने और गहरीकरण का काम किया गया। इस दौरान फावड़े, तसले और झाड़ू लिए युवाओं, महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान ‘जल ही जीवन है’, ‘जल बचाओ-भविष्य बचाओ’ जैसे नारे गूंजे।

जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग और प्रेरणा
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रामावतार मीणा, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी और अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जनभागीदारी और जन-जागरण का प्रतीक बना अभियान
अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने कहा-अभियान के तहत जिले के कई जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण और पुनर्जीवन का कार्य किया गया। जीतमल का जोहड़ा इसका एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। इस अभियान का उद्देश्य केवल श्रमदान तक सीमित नहीं था, बल्कि जल संरक्षण के प्रति आमजन को प्रेरित करना और समाज में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करना भी था। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ का यह समापन जिले में जल चेतना के नवप्रकाश के रूप में सामने आया है।
जिला कलक्टर रामावतार मीणा ने अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा करवाए गए विभिन्न कार्यों के बारे में बताया। अपने संबोधन में जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी व अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने कहा कि अभियान में झुंझुनूं में ऐतिहासिक कार्यक्रम हुए है। लाखों की संख्या में लोगों ने इस अभियान से जुड़कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जल व पर्यावरण संरक्षण अभियान को अपना समर्थन दिया है। कार्यक्रम में जयसिंह मांठ व बगड़ नगरपालिका चेयरमैन गोविंद सिंह राठौड़, पार्षद चंद्रप्रकाश शुक्ला ने भी श्रमदान किया। इस मौके पर जल और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। वहीं आमजन से अपील की गई कि वे पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतया बंद करें। अंत में स्वयं सहायता समूह व मनरेगा की 21 महिला कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया।